Uttar Pradesh

जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने समय रहते बाढ़ निरोधक कार्यों को पूरा करने का दिया निर्देश

कटान रोधी कार्य देखते मंत्री

बलिया, 8 जुलाई (Udaipur Kiran) । जिले में पहुंचे प्रदेश सरकार के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने मंगलवार को परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के साथ माल्देपुर में चल रहे बाढ़ निरोधात्मक कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मंत्री ने पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण से संबंधित विभिन्न योजनाओं और कार्यों की समीक्षा बैठक भी की।

मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने बलिया में बाढ़ रोधक कार्यों, किसानों और आमजन को राहत देने हेतु चल रही विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति पर गहन चर्चा की तथा आने वाले समय में इन कार्यों को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

माल्देपुर में अधिकारियों से मंत्री ने बाढ़ संबंधित चल रहे कार्यों की जानकारी ली और उन्हें समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इस बीच जलशक्ति मंत्री ने बांसडीह विधानसभा क्षेत्र के चांदपुर में सरयू नदी के तट पर हो रहे कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का निरीक्षण किया।

मंत्री ने कहा कि जिले में जो भी बाढ़ संबंधी कार्य चल रहे हैं उसे प्राथमिकता पर समय से पूरा कराया जाए। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जो भी निरोधात्मक कार्य हो रहे हैं उसे हरहाल में नदियों में जलस्तर बढ़ने से पहले पूर्ण करा लिया

जाए। मंत्री ने माल्देपुर व चैनछपरा में चल रहे बाढ़ निरोधात्मक कार्यों की प्रगति के बारे में भी जानकारी ली और समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। कहा बाढ़ में इस बार कहीं भी समस्या न‌ आए इसके लिए अभी से तैयारी कर लें। सिंचाई विभाग के अधिकारियों से कहा कि तत्काल में जोताई-बोवाई का सीजन है, जिससे नहरों में पानी की सुचारू व्यवस्था रखी जाए। नहरों में टेल तक पानी पहुंचे इसकी हर हाल में व्यवस्था की जाए। कहा कि यदि कहीं भी नहर में पानी नहीं आने की कहीं भी शिकायत मिलती है या इसको लेकर किसान हंगामा आदि करते हैं तो संबंधित विभागीय कर्मियों पर निश्चित तौर पर कार्रवाई होगी।

—————

(Udaipur Kiran) / नीतू तिवारी

Most Popular

To Top