
उज्जैन, 7 जुलाई (Udaipur Kiran) । शहर के नीलगंगा थाना पुलिस की लापरवाही के चलते आर्म्स एक्ट में गिरफ्तार एक बदमाश चिकित्सा परीक्षण के दौरान चरक अस्पताल से फरार हो गया। कुछ समय बाद जब पुलिस को अहसास हुआ तो पुलिस महकमे में हड़कम मच गया। बदमाश की ढूंढ शुरू हुई।
जानकारी मीडिया तक पहुंची तो कुछ समय तक बात को छिपाकर भी रखा गया। जब वरिष्ठों तक जानकारी पहुंची,तब जाकर थाने के अधिकारियों ने स्वीकारा कि अस्पताल से बदमाश भाग गया है।
नीलगंगा थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार रात को पुलिस ने धन्नालाल की चाल निवासी विशाल को हरिफाटक चौराहे से चाकू के साथ गिरफ्तार किया था। चिकित्सा परीक्षण करवाने के लिए पुलिसकर्मी उसे लेकर चरक अस्पताल पहुंचे। यहां वह पुलिस का ध्यान भटकते ही चकमा देकर फरार हो गया। पहले पुलिसकर्मियों ने उसे पूरे चरक अस्पताल में ढूंढा, बाद में अपने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। पुलिस के अनुसार विशाल पूर्व से आपरधिक प्रवृत्ति का रहा है। पुलिस ने उसके खिलाफ एक ओर प्रकरण दर्ज कर लिया है।
—————
(Udaipur Kiran) / ललित ज्वेल
