Jharkhand

भाजपा के दिए घावों पर मरहम लगा रही हेमंत सरकार : विनोद

विनोद पांडेय की फाइल फोटो

रांची, 7 जुलाई (Udaipur Kiran) । भाजपा बताए कि उनके शासनकाल में कितने रोजगार दिया गया और कितनी सड़कें बनाई गईं। सिर्फ सोशल मीडिया और प्रेस कॉन्फ्रेंस से विकास नहीं होता है। उन्होंने भाजपा को चुनौती देेेते हुए कहा कि वह आंकड़ों के साथ विकास कार्यों पर खुली बहस करे। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने यह बातें पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में सोमवार को कही।

उन्होंने कहा कि भाजपा के पास न तो मुद्दा बचा है और न ही जनसमर्थन ही बचा है। इसलिए वह बौखलाहट में झूठ, फरेब और अफवाहों की राजनीति कर रही है।

पांडेय ने कहा कि भाजपा का आदिवासी-मूलवासी विरोधी चेहरा झारखंड की जनता के सामने आ चुका है। सत्ता से बेदखल होने के बाद से भाजपा नेता मानसिक संतुलन खो बैठे हैं। अब वे हर दिन मनगढ़ंत कहानियां गढ़कर जनता को गुमराह करने का असफल प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने भाजपा के शासनकाल को याद दिलाते हुए कहा कि जब राज्य में उनकी सरकार थी तब झारखंड के जल, जंगल और जमीन को कॉरपोरेट के हाथों बेचा गया। पांडेय ने कहा कि भाजपा ने गरीब, किसान और आदिवासी के हितों पर डाका डाला। हेमंत सरकार ने उन घावों पर मरहम लगाने का काम किया है जो भाजपा की नीतियों ने दिए थे। अब जब झामुमो की सरकार गरीबों और वंचितों के साथ खड़ी है तो भाजपा की नींद हराम हो गई है। सच्चाई ये है कि भाजपा की एक आदिवासी मुख्यमंत्री को पचा नहीं पा रही है।

—————

(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar

Most Popular

To Top