Sports

सब जूनियर महिला राष्ट्रीय हॉकी चैम्पियनशिप में पांचवें दिन मिजोरम, ओडिशा, मध्यप्रदेश और झारखंड की शानदार जीत

15वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर महिला राष्ट्रीय चैम्पियनशिप 2025

रांची, 07 जुलाई (Udaipur Kiran) । मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में चल रही 15वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर महिला राष्ट्रीय चैम्पियनशिप 2025 के पांचवें दिन मुकाबलों में खिलाड़ियों का दमखम देखने को मिला। डिवीजन ‘ए’ में हॉकी मिजोरम, हॉकी ओडिशा, हॉकी मध्यप्रदेश और हॉकी झारखंड ने जोरदार जीत दर्ज की, जबकि डिवीजन ‘बी’ में मणिपुर हॉकी विजेता रही और तमिलनाडु तथा बंगाल के बीच मुकाबला ड्रॉ रहा।

दिन की शुरुआत धमाकेदार रही, जहां हॉकी मिजोरम ने हॉकी एसोसिएशन ऑफ बिहार को 11-0 के बड़े अंतर से हराया। वानलालरिनलुई (9’, 24’, 25’, 29’, 33’, 37’) ने अकेले छह गोल दागे और अपनी टीम को शुरुआत से ही बढ़त दिला दी। एस्थर लालरेमरुआती (35’, 58’, 60’) ने दूसरे हाफ में हैट्रिक पूरी की। जबकि सी लालरुआत्सियामी (11’) और के वानलालपेकी (15’) ने शुरुआती गोल कर जीत की नींव रखी।

दूसरे मुकाबले में हॉकी ओडिशा ने हॉकी पंजाब को 3-1 से हराया। स्वीटी कुजुर (15’, 30’, 59’) ने हैट्रिक लगाकर टीम को जीत दिलाई। पंजाब के लिए नवजोत कौर (54’) ने एकमात्र गोल किया, जो निर्णायक साबित नहीं हो सका।

एक अन्य मैच में हॉकी मध्यप्रदेश ने हॉकी चंडीगढ़ पर 12-0 की बड़ी जीत दर्ज की। नौशीन नाज़ (8’, 9’, 17’, 44’, 44’, 53’, 58’) ने सात गोल कर मैच में शानदार प्रदर्शन किया। साजेदा बेगम (11’), हिरवा पुरोहित (14’), सुदीप्त किंडो (26’), केशर भाबर (48’) और अक़सा खान (57’) ने भी स्कोरशीट में नाम दर्ज कराया।

दिन के अंतिम डिवीजन ‘ए’ मुकाबले में हॉकी झारखंड ने हॉकी आंध्र प्रदेश को 4-0 से पराजित किया। सिवानी केरकेट्टा (18’, 28’) ने पहले हाफ में दो गोल कर बढ़त दिलाई। सुगन संगा (44’) और पुष्पा मांझी (53’) ने दूसरे हाफ में गोल कर जीत सुनिश्चित की।

डिवीजन ‘बी’ के मुकाबले में हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु और हॉकी बंगाल के बीच मुकाबला गोलरहित ड्रॉ रहा और दोनों टीमों ने अंक साझा किए।

मणिपुर हॉकी ने हॉकी उत्तराखंड को 4-2 से मात दी। जेरीना चोंगथाम (8’) ने शुरुआती बढ़त दिलाई, जिसके बाद हुईद्रोम बिद्यालक्ष्मी देवी (37’, 57’) ने दो गोल कर टीम को मजबूती दी। चारोइबम जूली देवी (60’) ने आखिरी क्षणों में चौथा गोल किया। उत्तराखंड के लिए कप्तान मानसी कटारिया (31’, 49’) ने दो गोल किए, लेकिन टीम हार से नहीं बच सकी।

——————-

(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय

Most Popular

To Top