Uttar Pradesh

धार्मिक नाम रखकर नॉनवेज परोसने से माहौल बिगड़ता है : कपिल देव अग्रवाल

संभल के चंदौसी में अंतराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन द्वारा आयोजित मैराथन दौड़ के अवसर पर संबोधित करते उप्र सरकार में स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल।
संभल के चंदौसी में अंतराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन द्वारा आयोजित मैराथन दौड़ के अवसर पर झंडी दिखाते उप्र सरकार में स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल व अन्य।

–राज्यमंत्री बोले, ढाबा संचालक स्पष्ट करें कि उनके यहां वेज-नॉनवेज क्या बनता है

मुरादाबाद, 06 जुलाई (Udaipur Kiran) । कांवड़ यात्रा में ढाबों पर नेम प्लेट लगाना एक संवेदनशील मुद्दा है। धार्मिक नाम रखकर नॉनवेज परोसने से माहौल बिगड़ता है। ढाबा संचालक स्पष्ट करें कि उनके यहां वेज-नॉनवेज क्या बनता है। ऐसे ढाबा संचालक अपना असली नाम प्रदर्शित करें। यह बातें उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वतंत्र कपिल देव अग्रवाल ने रविवार को जनपद संभल की तहसील चंदौसी क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन द्वारा सशक्त युवा सशक्त महिला मैराथन दौड़ के अवसर पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए कही।

चंदौसी में आयोजित मैराथन दौड़ में बतौर मुख्य अतिथि राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिलदेव अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि किसी को भी खाना बनाने या ढाबा चलाने से नहीं रोका जा रहा है। मंत्री ने कहा कि कुछ लोग धार्मिक नामों जैसे गणपति ढाबा, वैष्णो ढाबा या दुर्गा ढाबा के नाम से अपना व्यवसाय चला रहे हैं। लेकिन वहां नॉनवेज भी परोसा जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे ढाबा संचालक अपना असली नाम प्रदर्शित करें।

प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि उनके क्षेत्र से लोग केदारनाथ, बद्रीनाथ और गंगोत्री जाते हैं। कई बार धोखे से नॉनवेज परोसे जाने से विवाद की स्थिति बनी है। उन्होंने कहा कि ढाबा संचालक स्पष्ट करें कि उनके यहां वेज-नॉनवेज क्या बनता है। उन्होंने योगी सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में कोई दंगा नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार में नफरत फैलाने का काम हुआ। उन्होंने कहा कि सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। मैराथन दौड़ कार्यक्रम में पूर्व मंत्री व बदायूं विधायक महेश चंद्र गुप्ता, श्रीकल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम, भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी हरेंद सिंह रिंकू, संभल जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया, पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने भी भाग लिया।

–युवाओं की प्रगति के लिए एक अच्छा आयोजन राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन द्वारा सशक्त युवा सशक्त महिला मैराथन दौड़ कराना युवाओं की प्रगति के लिए एक अच्छा कार्यक्रम है। देश कैसे आगे बढ़े इसकी कल्पना युवाओं की सेवा के साथ सामूहिक शक्ति और संगठन की शक्ति के साथ पूरी हो सकती है। भारतीय सशक्तिकरण एवं 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए युवा को जोड़ा जाए युवा की शक्ति आगे बढ़े।

(Udaipur Kiran) / निमित कुमार जायसवाल

Most Popular

To Top