
प्रयागराज, 04 जुलाई (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी के प्रयास से हर महीने आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए मुहैया कराई जा रही आर्थिक मदद जीवनदायिनी साबित हो रही है। जनपद में अप्रैल, मई और जून महीने के दौरान 107 लोगों को उपचार के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से दो करोड़ 26 लाख 14 हजार 102 की धनराशि उपलब्ध करायी गई। इस सहयोग से कइयों को नया जीवन मिला। यह जानकारी शुक्रवार को मंत्री के मीडिया प्रभारी बाला जी केसरवानी ने दी।
उन्होंने बताया कि मंत्री नन्दी के प्रयास से कैंसर, किडनी, हड्डी रोग, हृदय रोग, अर्थराइटिस के साथ ही अन्य गंभीर बीमारियों का उपचार कराने के लिए अप्रैल महीने में 52 मरीजों को 1,01,55,602 रुपए, मई महीने में 38 मरीजों को 77,73,500 रुपए और जून महीने में 17 मरीजों को 48,85,000 रुपए की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई। जिसकी मदद से लोगों ने अपना उपचार कराया। जिनमें प्रयागराज शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के मुट्ठीगंज, चौक, नार्थ मलाका, साउथ मलाका, नैनी, शाहगंज, सदियापुर, कांशीराम आवास नैनी, अकबरपुर, अहमदगंज, हिम्मतगंज, मालवीय नगर, खुशहाल पर्वत, जीटीबी नगर करेली, कटघर, मीरापुर, कीडगंज, तुलसीपुर के साथ ही अन्य जनपदों एवं विधानसभा क्षेत्रों के लोग शामिल हैं।
आर्थिक तंगी और अभाव भरी जिंदगी को पूर्व में पूरी रह से जीने वाले उप्र के कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी यह जानते हैं कि किसी भी बीमारी का उपचार कराना हर व्यक्ति के लिए सम्भव नहीं है। एक छोटा-मोटा व्यक्ति या व्यवसाय करने वाला जब गम्भीर स्वास्थ्य संकट में हो और पूरी जमा पूंजी समाप्त हो जाए तो केवल ईश्वर से प्रार्थना का ही सहारा बचता है। घर की आर्थिक व्यवस्था सम्भालने वाला जब बिस्तर पकड़ लेता है तो पूरे परिवार की कमर टूट जाती है। ऐसी स्थिति में आर्थिक तंगी की वजह से कोई व्यक्ति बेहतर उपचार से वंचित न होने पाए, अपनों को बचाया जा सके, इसके लिए मंत्री नन्दी ने अपने प्रयागराज शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में युवा कार्यकर्ताओं की टीम लगा रखी है।
शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के 84 सेक्टर में सक्रिय युवा क्षेत्र में भ्रमण कर लोगों की समस्या सुनते हैं। उपचार में आ रही समस्या और आर्थिक बाधाओं की जानकारी इकट्ठा करने के बाद उपचार की सरकारी प्रक्रियाओं को पूरा कराते हुए मंत्री नन्दी के माध्यम से मुख्यमंत्री कार्यालय को पत्र भेजा जाता है। जहां से मुख्यमंत्री राहत कोष से उपचार के लिए धनराशि भेज दी जाती है। मंत्री नन्दी के आवास, कार्यालय या फिर लखनऊ आवास पर कोई जरूरतमंद ईलाज में आर्थिक मदद की मांग करता है तो मंत्री नन्दी द्वारा सरकारी प्रक्रियाओं को पूरा कराते हुए उसे आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का पूरा प्रयास किया जाता है। मंत्री नन्दी द्वारा सरकार के द्वितीय कार्यकाल में अब तक प्रयागराज शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र ही नहीं बल्कि अन्य जनपदों एवं अन्य क्षेत्रों के 1700 से अधिक लोगों को गम्भीर बीमारियों का ईलाज कराने के लिए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से 29 करोड़ से अधिक की धनराशि उपलब्ध कराई जा चुकी है।
—————
(Udaipur Kiran) / रामबहादुर पाल
