
मंडी, 04 जुलाई (Udaipur Kiran) । मिल्कफैड के पूर्व चेयरमैन एवं सराज से कांग्रेस के प्रत्याशी रहे चेतराम ठाकुर ने प्रशासन द्वारा हैलिपैड पर राहत सामग्री वितरण एवं हैलिकॉटर से ड्राप करने की प्रक्रिया पर ऐतराज जताया है। मंडी में पत्रकारों से बात करते हुए चेतराम ठाकुर ने कहा कि 30 जून की रात और प्रथम जुलाई की सुबह भारी बारिश और बादल फटने की घटना से राज विधानसभा क्षेत्र में भारी तबाही हुई है। जिसमें जानमाल के नुक्सान के साथ-साथ घरों-गौशालाओं के ढहने कृषि योग्य भूमि के बह जाने से भारी तबाही हुई है।
उन्होंने कहा कि सराज में यह अब तक की सबसे बड़ी तबाही है। इस आपदा से जंजैहली, थुनाग और बगस्याड का संपर्क टूट गया। यही नहीं बिजली, पानी की आपूर्ति बाधित होने और मोबाइल नेटवर्क ठप हो जाने से सराजघाटी का संपर्क कट गया था। उन्होंने बताया तीस जून की रात को इस आपदा की सबसे पहले सूचना उन्हें मंडी में होने की वजह से सबसे पहले पखरैर के सोहन लाल और शिकारी देवी के पास रहने वाले राजू ने दी। इसके बाद उन्होंने उपायुक्त मंडी, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और लोकनिर्माध एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह को आपदा से हुए भारी नुक्सान की सूचना दी।
चेतराम ने बताया कि सराजघाटी में सड़कें और रास्ते बंद हो जाने की वजह से यहां के लिए गाड़ियों के माध्यम से आपूर्ति संभव नहीं हो पा रही है। अगर ऐसा ही रहा तो क्षेत्र में राशन की कमी हो जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा हैलिपैड पर राशन उतारा जा रहा है। वहां तक पहुंचना लोगों के लिए संभव नहीं है। दस किलो के राशन की किट के लिए लोगों को सारा दिन सफर करना पड़ रहा है। वे इस व्यवस्था का विरोध करते हैं।
चेतराम ने कहा कि इसके बजाय जंजैहली, बगस्याड और थुनाम स्थित मैदानों में हैलिकॉप्टर लैंड करवाए जाएं वहां राहत सामग्री उतारी जाए। यहां से लोगों तक राहत सामग्री वितरण के लिए मजदूरों को लगाया जाए। क्योंकि रास्ते खराब होने की वजह से घोड़े-खच्चरों का चलना भी मुश्किल है। इसके अलावा शंकरदेहरा होते हुए जंजैहली और गाड़ा गुशैणी होते हुए रास्ता खोलने पर ही जंजैहली के लिए ट्रकों से राशन की सप्लाई संभव हो पाएगी।
उन्होंने बताया कि रास्ते ठीक नहीं होने की वजह से मुख्यमंत्री, प्रतिभा सिंह और विक्रमादित्य सिंह को सराज आने के लिए उन्होंने मना किया है। लेकिन शुक्रवार शाम तक लोकनिर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह मंडी पहुंच रहे हैं, जहां से वे राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर आगे की रणनीति को अंजाम देंगे और प्रशासन से भी फीडबैक लेंगे।
—————
(Udaipur Kiran) / मुरारी शर्मा
