West Bengal

अपडेट : कूचबिहार में तृणमूल नेता को मारी गोली, तृणमूल ने भाजपा पर लगाया आरोप

कूचबिहार, 04 जुलाई (Udaipur Kiran) । कूचबिहार-2 पंचायत समिति के कर्माध्यक्ष और तृणमूल नेता राजू दे को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी है। गुरुवार देर रात झिनाईडांगा बाजार इलाके में कथित तौर पर उन्हें गोली मारी गई है। घटना के बाद गंभीर हालत में राजू दे को कूचबिहार शहर के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी स्थिति आशंका जनक बनी हुई है।

इधर, इस घटना में प्रयुक्त कार को शुक्रवार को पुंडीबाड़ी थाने की पुलिस ने जब्त कर ली है। इस घटना को लेकर शुक्रवार सुबह से इलाके में तनाव बना हुआ है। तृणमूल ने कूचबिहार-2 ब्लॉक में दिनभर आंदोलन का आह्वान किया।

घटना के संबंध में तृणमूल के जिलाध्यक्ष अभिजीत दे भौमिक ने कहा कि भाजपा के गुंडे काफी समय से इलाके में हिंसा फैला रहे थे। भाजपा के लोगों ने ही राजू को गोली मारी है। उन्होंने आरोप लगाया है कि जिस कार में सवार होकर गुंडे आए और गोलीबारी की वह कूचबिहार उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुकुमार रॉय की है। जिसे पुलिस ने जब्त कर ली है। हालांकि, इस संबंध में सुकुमार रॉय ने कहा कि भाजपा को फंसाया जा रहा है। इस घटना में भाजपा का हाथ नहीं है। राजू लंबे समय से असामाजिक गतिविधियों में लिप्त है। उसकी वजह से ही किसी ने उसे गोली मारी है।

(Udaipur Kiran) / सचिन कुमार

Most Popular

To Top