HEADLINES

आम आदमी पार्टी बिहार में अकेले चुनाव लड़ेगी: अरविंद केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल

गांधीनगर, 3 जुलाई (Udaipur Kiran) । बिहार में चुनाव से पहले ही इंडी गठबंधन बिखर गया है। गठबंधन की स्थापना के समय लालू प्रसाद यादव का पैर छूकर आशीर्वाद लेने वाले अरविन्द केजरीवाल ने घोषणा कर दी है कि उनकी आम आदमी पार्टी बिहार में अकेले चुनाव लड़ेगी। गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर अहमदाबाद पहुंचे अरविन्द केजरीवाल ने गुरूवार को कहा कि इंडिया नामक गठबंधन केवल लोकसभा चुनाव तक था।

केजरीवाल ने आगे कहा कि गुजरात में कांग्रेस अब साफ होने की कगार पर है। विसावदर उपचुनाव में कांग्रेस इस सच को जानती थी, फिर भी उसने हमें हराने और भाजपा को जिताने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाया। इसके बावजूद हमने कांग्रेस से अलग लड़कर तीन गुना ज्यादा वोटों से जीत दर्ज की है। इससे गुजरात की जनता का सीधा संदेश मिला है कि भाजपा और कांग्रेस का विकल्प आम आदमी पार्टी ही है। विसावदर का परिणाम यह दिखाता है कि जनता ने हमें एक विकल्प के रूप में स्वीकार किया है। अब भाजपा की विदाई निश्चित है। हम आगे भी गुजरात में चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे। दिल्ली में मिली हार पर उन्होंने कहा कि राजनीति में ऊपर-नीचे होता रहेगा। केजरीवाल ने दावा किया कि पंजाब में हमारी सरकार दोबारा बनेगी।

बुधवार को ‘गुजरात जोड़ो सदस्यता अभियान’ की शुरूआत करने वाले केजरीवाल ने कहा कि इसके तहत हमारे कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को पार्टी से जोड़ेंगे। गुजरात में अब आम आदमी पार्टी आ गई है। आम आदमी पार्टी को लोग एक विकल्प के रूप में देख रहे हैं। विसावदर में जिस तरह से लोगों ने वोट दिया। ये माहौल, ये गुस्सा पूरे गुजरात के लोगों के अंदर है। मैंने कई जगह लोगों से बात की। लोगों में इसी तरह का गुस्सा है। यही गुस्सा विसावदर में देखने को मिला।

(Udaipur Kiran) / Abhishek Barad

Most Popular

To Top