
मिट्टी से सना था शरीर, हॉस्पिटल ले जाते समय दम तोड़ा, थाने में खड़ी मिली गाड़ी
जोधपुर, 3 जुलाई (Udaipur Kiran) । फलोदी जिले के भोजासर थाने में तैनात एक कांस्टेबल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। कांस्टेबल थाने से 30 किलोमीटर दूर पलीना गांव में सूने इलाके में पड़ा मिला। जिस समय लोगों ने उसे देखा तब कांस्टेबल की सांसे चल रही थी, लेकिन फलोदी हॉस्पिटल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया। कांस्टेबल का शरीर मिट्टी से सना था। अभी तक मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
पुलिस ने बताया ने गुरुवार सुबह करीब आठ बजे लोहावट थाना क्षेत्र के पलीना गांव से दो किलोमीटर दूर एक सुनसान इलाके में जांबा निवासी और भोजासर थाने में तैनात कांस्टेबल शैतानराम (35) पुत्र जोराराम पड़ा मिला। कांस्टेबल की उस समय सांसे चल रही थी। कांस्टेबल ने केवल पैंट पहनी हुई थी। पैंट और शरीर मिट्टी से सना था। पास ही में कांस्टेबल का मोबाइल पड़ा मिला। कांस्टेबल का शर्ट-टीशर्ट और चप्पल-जूते आसपास कहीं नहीं मिले। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और 108 एंबुलेंस को दी।
पुलिस के पहुंचने से पहले ही एंबुलेंस से कांस्टेबल को फलोदी जिला अस्पताल के लिए रवाना किया गया लेकिन रास्ते में कांस्टेबल की मौत हो गई। फलोदी थानाधिकारी महेंद्र दत्त शर्मा भी सूचना पर जिला अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि कांस्टेबल के पास एक क्रेटा कार है जो भोजासर थाने में खडी है। कांस्टेबल भोजासर से पलीना कैसे पहुंचा और उसकी ये हालत कैसे हुई। इसकी जांच कर रहे हैं।
रात को था स्टाफ के साथ :
कांस्टेबल शैतानाराम रात करीब बारह बजे तक थाने में स्टाफ के साथ था। देर रात वो किस साधन से और किसके साथ थाने से गया उसका कोई पता नहीं चल रहा है। उसकी गाड़ी भी थाने में ही पड़ी मिली। सूचना मिलने पर पुलिस के आला अधिकारी और परिजन भी फलोदी अस्पताल पहुंचे।
पिता सेवानिवृत शिक्षक , बड़ा भाई कांस्टेबल :
शैतान राम का परिवार श्रीराम नगर की ढाणी जांबा का रहने वाला है। कांस्टेबल के पिता जोराराम सेवानिवृत्त अध्यापक हैं। शैतान राम सहित तीन भाई और एक बहन है। उसका बड़ा भाई गिरधारी लाल भी पुलिस कांस्टेबल है और वर्तमान में दूदू में पोस्टेड है। दूसरा वह स्वयं था। तीसरा भाई मनफूल प्राइवेट जॉब करता है। शैतान राम वर्ष 2013 में कांस्टेबल भर्ती हुआ था। शैतान राम शादीशुदा था। उसके 5 और 7 साल के दो बेटे है।
(Udaipur Kiran) / सतीश
