HimachalPradesh

हिमाचल में सहन नहीं किया जाएगा अराजकता का माहौल : त्रिलोक कपूर

त्रिलोक कपूर।

धर्मशाला, 02 जुलाई (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय परिषद के नवनिर्वाचित सदस्य त्रिलोक कपूर ने कांग्रेस सरकार के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह द्वारा एनएचएआई के दो अधिकारियों पर हमला किए जाने की कड़े शब्दों में निंदा की है। बुधवार को जारी प्रेस बयान में भाजपा नेता त्रिलोक कपूर ने कहा कि कांग्रेस सरकार बौखलाहट में मारपीट पर उतर आई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस भ्रष्टाचार, अपराध और गुंडागर्दी का पर्याय है। इस मामले में मंत्री सहित सभी दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए एक बराबर है। इस घटना में मंत्री व अन्य लोगों ने सरेआम कानून को अपने हाथों में लेकर उसकी धज्जियां उड़ाई है तथा ऐसे लोगों को किसी भी सूरत में माफ न किया जाए।

त्रिलोक कपूर ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री को ऐसे मंत्री को तत्काल मंत्री पद से हटा देना चाहिए, क्योंकि इस घटना के बाद जनता के दम पर मंत्री पद तक पहुंचे अनिरुद्ध सिंह को मंत्री बने रहने का कोई हक नही है। उन्होंने कहा कि अपने अधिकारिक कर्तव्यों का पालन करने वाले अधिकारी के खिलाफ इस प्रकार की हरकत जनता की सुरक्षा को भी खतरे में डालती देखी जा रही है।

उन्होंने कहा कि मारपीट का शिकार हुए अधिकारी जिंदल ने कहा है कि मंत्री ने उनके सिर पर पानी से भरे जग से हमला किया तथा जब योगेश बचाव के लिए आगे आया तो उस पर भी हमला कर दोनों को लहूलुहान कर दिया। उन्होंने कहा कि देव भूमि में मंत्री द्वारा इस प्रकार की घटना को अंजाम देना दुभाग्यपूर्ण है। क्या यही सुक्खू सरकार का व्यवस्था परिवर्तन है?

त्रिलोक कपूर ने कहा कि जब से सुक्खू सरकार सत्ता में आई है प्रदेश की कानून व्यवस्था पहले ही बिगड़ी हुई है। सरकार के मंत्री कानून को हाथों में लेकर अधिकारियों पर हमला कर रहे हैं। उन्होंने कहा कांग्रेस की पहचान शुरु से ही गुंडाराज की रही है। उन्होंने कहा कि पिछले अढाई वर्षों से प्रदेश की व्यवस्था डगमगा चुकी है।

(Udaipur Kiran) / सतिंदर धलारिया

Most Popular

To Top