
शिमला, 01 जुलाई (Udaipur Kiran) । नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस संगठन पूरी तरह बिखरा हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी से पूछना चाहिए कि क्या उनके पास पिछले 9 महीनों से सिर्फ एक अध्यक्ष के अलावा कोई पदाधिकारी, कार्यकारिणी, जिला या मंडल इकाई भी है? यह पार्टी केवल नाम की रह गई है और उसका संगठनात्मक ढांचा पूरी तरह निष्क्रिय हो चुका है।
जयराम ठाकुर ने मंगलवार काे शिमला में कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक विचारधारा पर आधारित पार्टी है, जिसने देश ही नहीं, दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनकर दिखाया है। उन्होंने कहा कि एक समय था जब भाजपा कार्यकर्ता सोचते थे कि वे कभी सत्ता में आ भी पाएंगे या नहीं, लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा देश को सशक्त नेतृत्व दे रही है और लगातार तीसरी बार केंद्र में सरकार बना चुकी है।
उन्होंने कांग्रेस सरकार के ढाई साल के कार्यकाल को निराशाजनक बताया और कहा कि हिमाचल की जनता खुद महसूस कर रही है कि उन्होंने बहुत बड़ी गलती की है। यह सरकार मानो विकास कार्य रोकने के लिए ही चुनी गई हो।
वहीं भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश का भाजपा संगठन बेहद मजबूत और अनुशासित है। पहले जहां 8 लाख प्राथमिक सदस्य थे, आज यह संख्या 18 लाख हो चुकी है। उन्होंने कहा कि पार्टी मेरा बूथ सबसे मजबूत के संकल्प के साथ कार्य कर रही है और 8009 बूथों पर कमल खिलाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है।
—————
(Udaipur Kiran) शुक्ला
