West Bengal

सामूहिक दुष्कर्म कांड के खिलाफ श्रीरामपुर में भाजपा का जोरदार विरोध प्रदर्शन, पुतला दहन और पथावरोध

साउथ कोलकाता गैंगरेप कांड के खिलाफ श्रीरामपुर में भाजपा का जोरदार विरोध प्रदर्शन, पुतला दहन और पथ अवरोध
साउथ कोलकाता गैंगरेप कांड के खिलाफ श्रीरामपुर में भाजपा का जोरदार विरोध प्रदर्शन, पुतला दहन और पथ अवरोध

हुगली, 29 जून (Udaipur Kiran) । दक्षिण कोलकाता के लॉ कॉलेज की छात्रा के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म की घटना के विरोध में रविवार शाम श्रीरामपुर सांगठनिक जिला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से तीव्र विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने श्रीरामपुर के बड़तला मोड़ पर सड़क जाम कर पथ अवरोध किया और राज्य सरकार तथा पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस विरोध प्रदर्शन के दौरान पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और श्रीरामपुर के सांसद कल्याण बनर्जी का पुतला भी जलाया। प्रदर्शन करीब आधे घंटे तक चला, जिससे जीटी रोड पर यातायात पूरी तरह से ठप हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। अंततः पुलिस के हस्तक्षेप के बाद सड़क को खाली कराया गया और यातायात बहाल हुआ।

इस प्रदर्शन में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे, जिनमें श्रीरामपुर सांगठनिक जिला भाजपा अध्यक्ष सुमन घोष, पार्षद शशि सिंह झा, पार्षद मनोज सिंह, विधानसभा संयोजक राजेश सिंह, नेता हरि मिश्रा, राकेश चौधरी, विजय पांडेय, पंकज राय, अनिल राय, मंडल अध्यक्ष मनोज चक्रवर्ती, सौम्यजीत गुप्ता, विश्वजीत सिंघा, संतोष सिंह समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल थे।

भाजपा नेताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए राज्य सरकार पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए सड़कों पर उतरने की चेतावनी दी। पार्टी ने यह भी मांग की कि दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई हो और पीड़िता को न्याय मिले।

—————

(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय

Most Popular

To Top