Bihar

जिले में धान रोपनी की शुरुआत, लक्ष्य के 85 प्रतिशत से अधिक हिस्से में बिचड़ा गिराने का कार्य पूरा

गोपालगंज, 29 जून (Udaipur Kiran) । जिले में खरीफ फसल के लिए धान की खेती की तैयारियां जोर पकड़ रही हैं। कृषि विभाग द्वारा धान की बिचड़ा गिराने का लक्ष्य 9046 हेक्टेयर निर्धारित किया गया है, जिसमें से अब तक 7692 हेक्टेयर में किसानों ने बिचड़ा गिरा दिया है। यह आंकड़ा जिले के किसानों की सक्रियता और खेती के प्रति उनकी सजगता को दर्शाता है। अब तक कुल लक्ष्य के 85 प्रतिशत से अधिक हिस्से में बिचड़ा गिराने का कार्य पूरा हो चुका है, शेष क्षेत्रों में अगले एक सप्ताह में कार्य पूरा होने की संभावना है।

जिला कृषि पदाधिकारी ललन कुमार सुमन ने बताया कि समय पर मानसून की सक्रियता और पर्याप्त वर्षा के कारण किसानों को बिचड़ा गिराने के कार्य में अधिक परेशानी नहीं हुई। अब जिले के 14 प्रखंडों में धान की रोपनी का कार्य भी शुरू हो चुका है, जिसमें विभिन्न किस्मों के धान की बुआई की जा रही है। इस बार मौसम का मिजाज भी किसानों के अनुकूल रहा है। प्रारंभिक बारिश से खेतों में नमी बनी हुई है, जिससे धान की नर्सरी तैयार करना और रोपनी करना आसान हो गया है। जलवायु अनुकूल कृषि तकनीकों को अपनाने को लेकर कृषि विभाग किसानों को जागरूक भी कर रहा है। प्रखंडवार कृषि समन्वयकों की मदद से किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज, जैविक खाद और आधुनिक कृषि यंत्रों की जानकारी दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि कृषि यंत्र अनुदान योजना, बीज वितरण योजना जैसी सरकारी योजनाओं का लाभ भी किसानों को समय पर मिलने से उन्हें खेती में सुविधा हो रही है।जिले में सिंचाई व्यवस्था को भी दुरुस्त किया गया है। गंडक नहर और अन्य ग्रामीण सिंचाई स्रोतों के जरिए खेतों तक पानी पहुंचाने के प्रयास किए गए हैं। कृषि विभाग द्वारा खाद, बीज और कीटनाशक दवाओं की आपूर्ति की सतत निगरानी की जा रही है ताकि किसानों को किसी प्रकार की कमी का सामना न करना पड़े।

—————

(Udaipur Kiran) / Akhilanand Mishra

Most Popular

To Top