HEADLINES

भारत को प्रतिष्ठित 2029 डब्ल्यूपीएफजी की मेजबानी पर अमित शाह ने प्रसन्नता व्यक्त की

Amit shah

नई दिल्ली, 27 जून (Udaipur Kiran) । केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारत को प्रतिष्ठित 2029 विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेलों (डब्ल्यूपीएफजी) की मेजबानी मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे प्रत्येक नागरिक के लिए गौरव का क्षण बताया।

अमित शाह ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर कहा यह प्रत्येक नागरिक के लिए बहुत गर्व का क्षण है, क्योंकि भारत को प्रतिष्ठित 2029 विश्व पुलिस और अग्निशमन खेलों के लिए मेजबान देश के रूप में नामित किया गया है। उन्होंने कहा कि भारत को इन खेलों की मेजबानी मिलना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में विस्तृत खेल बुनियादी ढांचे के निर्माण की वैश्विक मान्यता को दर्शाता है।

शाह ने कहा कि इन खेलों के आयोजन स्थल के रूप में अहमदाबाद का चयन, जिसमें पुलिस, अग्निशमन और आपदा सेवाएं 50 से अधिक खेलों में प्रतिस्पर्धा करेंगी, एक खेल स्थल के रूप में शहर की बढ़ती प्रतिष्ठा का प्रमाण है।

उल्लेखनीय है कि भारत ने प्रतिष्ठित 2029 विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेलों (डब्ल्यूपीएफजी) की मेजबानी के लिए बोली जीत ली है। यह आयोजन गुजरात के अहमदाबाद, गांधीनगर और एकता नगर में आयोजित किया जाएगा।

—————

(Udaipur Kiran) / सुशील कुमार

Most Popular

To Top