Uttar Pradesh

वाराणसी में मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के रोड शो का सफलतापूर्वक समापन

मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड का रोड शो

—मध्य प्रदेश में पर्यटन एवं निवेश की असीम संभावनाएं :प्रमुख सचिव पर्यटन

प्रमुख सचिव पर्यटन शिव शेखर शुक्ला ने पर्यटन की विशेषताओं से कराया अवगत

वाराणसी,27 जून (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के पर्यटन उ‌द्योग को नई दिशा देने के उ‌द्देश्य से मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड ने शुक्रवार को पाण्डेयपुर स्थित एक होटल में रोड-शो का आयोजन किया। इसमें मध्य प्रदेश व उत्तर प्रदेश के पर्यटन व्यवसायियों, टूर ऑपरेटर्स, ट्रैवल एजेंट्स और होटल इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। यह आयोजन आने वाले मध्य प्रदेश ट्रैवल मार्ट और रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव की तैयारियों का अहम हिस्सा रहा।

कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के पर्यटन, संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव व टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध निदेशक शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के नेतृत्व में अधोसंरचना विकास, पारंपरिक संस्कृति का संरक्षण एवं प्रोत्साहन और पर्यटन क्षेत्र में निजी सहभागिता को बढ़ावा देकर सुनियोजित एवं एकीकृत प्रयास किए जा रहे हैं। इन प्रयासों से आज मध्य प्रदेश पर्यटन क्षेत्र में असीम क्षमता और निवेश का आकर्षक क्षेत्र बन गया है। मध्य प्रदेश में ऐतिहासिक धरोहरों, सांस्कृतिक विरासतें, सबसे अधिक वन क्षेत्र और वन्य जैव विविधिता है। मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में एमओयू किया गया है। जिससे न केवल पर्यटन सर्किट के जरिए बाबा विश्वनाथ, बाबा महाकाल और ओंकारेश्वर से जुडेंगे बल्कि बुद्ध सर्किट के विकास में भी तेजी आएगी। जिससे धार्मिक पर्यटन के विस्तार के साथ ही रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

गंगा-नर्मदा कॉरिडोर से खुलेगी पर्यटन की नई राह

प्रबंध निदेशक शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि पर्यटन की दृष्टि से मध्य प्रदेश भारत का एक समृद्ध और विविधतापूर्ण राज्य है। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के पर्यटन में काफी समानता है। बाबा महाकाल और बाबा काशीविश्वनाथ दुनियाभर के श्रृद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित करते हैं। दोनों ही ज्योर्तिलिंग को जोड़ने के लिये काशी विश्वनाथ महाकाल एक्सप्रेस संचालित होती है। गंगा और नर्मदा पर्यटन कॉरिडोर के तहत मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों को जोड़ा जाएगा। इस दौरान दोनों प्रदेशों के ट्रैवल ऑपरेटर्स, होटल व्यवसायियों और टूरिज्म स्टेकहोल्डर्स के बीच ‌द्विपक्षीय संवाद और व्यावसायिक संभावनाओं पर चर्चा भी की।

रोड शो में मध्य प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराया

रोड शो में मध्य प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराया गया। इस दौरान प्रदेश की प्राकृतिक, ऐतिहासिक, धार्मिक और ग्रामीण पर्यटन स्थलों की झलक दिखाई गई। मध्य प्रदेश में तीन स्थायी और 15 टेंटेटिव सूची में कुल 18 यूनेस्को धरोहरें हैं। स्थायी सूची में खजुराहो, भीमबेटका की गुफाएं और सांची स्तूप शामिल हैं। प्रदेश को ग्रीन, क्लीन और सेफ मध्य प्रदेश को ‘टाइगर स्टेट’, ‘लेपर्ड स्टेट’, ‘घड़ियाल स्टेट’, ‘चीता स्टेट’ और ‘वल्चर स्टेट’ के रूप में जाना जाता है। बैठक में वाराणसी कैंट विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक सौरभ श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी

Most Popular

To Top