
धर्मशाला, 26 जून (Udaipur Kiran) । कांगड़ा जिला के नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र देश-विदेश के सैलानियों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बनेगा। यह उद्गार हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष व पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आर.एस. बाली ने वीरवार को 50.25 करोड़ की लागत से नगरोटा बगवां के सौंदर्यकरण करने के भूमिपूजन के दौरान किए।
आर.एस बाली ने इस दिन नारदा शारदा मंदिर में माथा टेका और नगरोटा परिवार के बुजुर्गों के साथ मिलकर उन्होंने नारदा शारदा मंदिर के सौंदर्य करण करने का भूमि पूजन किया। उन्होंने बताया मंदिर के सौंदर्य करण पर 62 लाख रुपए की राशि को खर्च किया जाएगा। इसके उपरांत उन्होंने गांधी मैदान पहुंचकर भूमि पूजन किया। उन्होंने बताया कि नगरोटा के इस ऐतिहासिक मैदान के सौंदर्यीकरण पर 4.62 करोड़ रुपए की राशि खर्च करके इसका कायाकल्प किया जाएगा। इसके उपरांत मेला ग्राउंड में उन्होंने समस्त बुजुर्गों के साथ मिलकर भूमि पूजन किया। उन्होंने बताया कि इस मैदान के सौंदर्यीकरण पर 6.82 करोड़ रुपए की लागत से इसे नगरोटा के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि गांधी मैदान और मेला मैदान दोनों को आपस में जोड़ा जाएगा और इन दोनों मैदानों को भव्य रूप दिया जाएगा। बाली ने नगरोटा के पौड साहिब गुरुद्वारा में भी भूमि पूजन किया। इस ऐतिहासिक गुरुद्वारा के सौंदर्य करण पर 2.30 करोड रुपए की राशि व्यय की जाएगी। उन्होंने गुरुद्वारा जाकर माथा टेका और आशीर्वाद लिया। उन्होंने ठारू जंक्शन से हटवास तक के सड़क सौंदर्य करण का भूमि पूजन भी किया। इस सड़क के सौंदर्य करण पर 26.72 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। नगरोटा के पुराने बस स्टैंड के सौंदर्यकरण का भी भूमि पूजन किया जिस पर 1.68 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि बड़ोह और अन्य जगह पार्क बनाने पर 7.48 करोड़ रुपए खर्च करके उनका भी सौंदर्य करण किया जाएगा।
(Udaipur Kiran) / सतिंदर धलारिया
