चंडीगढ़, 26 जून (Udaipur Kiran) । आय से अधिक संपत्ति मामले में गिरफ्तार अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया को विजिलेंस ब्यूरो ने गुरुवार को मोहाली की अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। मजीठिया की अदालत में पेशी के दौरान अकाली दल कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने मजीठिया के अदालत पहुंचने से पहले बड़ी संख्या में अकाली दल के कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया। इनमें कई पूर्व मंत्री भी शामिल थे।
बुधवार रात मजीठिया के वकीलों ने कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद एक घंटे तक उनसे मुलाकात की थी। वकीलों ने कहा कि जिस रिपोर्ट को आधार बनाकर उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया, उसे सुप्रीम कोर्ट पहले ही खारिज कर चुका है।
विजिलेंस ने मजीठिया पर आय से अधिक संपत्ति बनाने का केस दर्ज किया है। उन पर 540 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति का आरोप है। टीम इस मामले की पड़ताल कर रही है। गुरुवार को अदालत में पेशी के दौरान विजिलेंस ने तर्क दिया कि यह मनी लॉन्ड्रिंग का बड़ा मामला है। इस बारे में कई अन्य स्थानों पर भी छापेमारी की जाएगी और कई अन्य लोग जांच के घेरे में हैं इसलिए मजीठिया की 12 दिन की रिमांड दी जाए। इसे लेकर अदालत में काफी देर तक वकीलों में बहस चलती रही। करीब दो घंटे तक चली कार्यवाही के बाद अदालत ने मजीठिया को सात दिन की रिमांड पर भेज दिया। अब इस केस की अगली सुनवाई दो जुलाई को होगी।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा
