सिलीगुड़ी, 26 जून (Udaipur Kiran) । सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर 36 के शांतिनगर इलाके में एक वृद्ध महिला के गले से सोने की चेन छिनतई की घटना घटी है। इस घटना में वृद्ध महिला घायल हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब पांच बजे वृद्धा संध्या कुंडू रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकली थी। उसी समय बाइक पर सवार दो युवक पीछे से आए और अचानक वृद्ध महिला के गले से सोने की चेन छीनकर भाग निकले। इस दौरान हुई छीनाझपटी में वृद्ध महिला घायल हो गई। शहर में सिलसिलेवार हो रही छिनतई की घटनाओं से आम लोग चिंतित हैं। स्थानीय लोगों ने बदमाशों की तुरंत गिरफ्तारी और पुलिस सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। आशीघर चौकी की पुलिस पूरी घटना की जांच शुरू कर दी है।
(Udaipur Kiran) / सचिन कुमार
