
बांदा, 25 जून (Udaipur Kiran) । तालाब में नहा रहे दो बालक गहरे पानी में समा गए। दोनों की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही घरवालों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बिसंडा थाना क्षेत्र के ओरन कस्बा विशाल पुरवा निवासी 12 वर्षीय ज्ञान बाबू पुत्र जय किशोर शिवहरे बुधवार को दोपहर अपने 11 वर्षीय मित्र नीशू यादव पुत्र जुगल किशोर यादव निवासी विशाल पुरवा के साथ ओरन कस्बे के भान थोक मोहल्ला स्थित चिरऊ तालाब नहाने गए थे। नहाते समय पैर फिसल जाने से नीशू गहरे पानी में डूबने लगा। इस पर ज्ञान बाबू ने देखा तो वह बचाने लगा। लेकिन वह भी डूब गया। तालाब पहुंचे ग्रामीणों ने देखा की तालाब के किनारे चप्पल कपड़े उतरे थे। साइकिल भी वहीं पर खड़ी थी। लेकिन कोई नजर नहीं आ रहा था।
डूबने की आशंका पर ग्रामीणों ने शोर मचाया। शोर सुनकर आस पास के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने उनकी खोजबीन करना शुरू कर दिया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मौत की खबर मिलते ही घरवालों में कोहराम मच गया। रोते बिलखते परिजन मौके पर पहुंच गए। मृतक ज्ञानबाबू के पिता जय किशोर कस्बे के चौराहे पर परचून की दुकान किए हैं। वह किसी काम से बांदा आया था। बड़ा भाई आशीष फतेहपुर गया है। ज्ञान बाबू साइकिल लेकरं बकरियों को पानी पिलाने गया था। बकरियों को पानी पिलाने के बाद वह घर आया इसके बाद मित्र नीशू यादव के साथ तालाब नहाने चला गया। जहां नहाते समय दोनों की डूब कर मौत हो गई।
ज्ञानबाबू तीन भाइयों में सबसे छोटा था। वहीं नीशू दो भाइयों में बड़ा था। थानाध्यक्ष बिसंडा राजेश कुमार वर्मा ने दोनो शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
—————
(Udaipur Kiran) / अनिल सिंह
