Haryana

सरकार ने ग्रुप सी के रिक्त पदाें का मांगा ब्याैरा, उसके बाद ग्रुप डी काे मिलेगा प्रमाेशन

चंडीगढ़, 25 जून (Udaipur Kiran) । ग्रुप सी के रिक्त पदों की जानकारी नहीं देने पर हरियाणा सरकार ने 21 विभागों को नोटिस जारी किया है। इस नोटिस के माध्यम से अंतिम रिमाइंडर भेजकर सभी विभागों ने गुरुवार शाम तक ग्रुप सी के पदों की जानकारी मांगी गई है। विभागों की ओर से जानकारी नहीं दिए जाने पर ग्रुप डी के कर्मचारियों की प्रमोशन नहीं हो पा रही है।

सरकार ने ग्रुप डी का कॉमन कैडर बनाया हुआ है। ग्रुप डी में जो उम्मीदवार अब चयनित होकर नियुक्त होते हैं, उनका राज्य स्तर पर कैडर बनता है। इस कैडर में मेरिट सूची अनुसार वरिष्ठता होती है। सरकारी विभागों में कार्यरत ग्रुप डी के कर्मचारी लगातार ग्रुप सी पदों पर पदोन्नति की मांग कर रहे हैं। उनकी मांग को देखते हुए मुख्य सचिव ने विभागाध्यक्षों से ग्रुप सी के रिक्त पदों की जानकारी मांगी है, जिन पदों पर ग्रुप डी के कर्मचारियों को पदोन्नति दी जा सकती है। इसमें जानकारी मांगी गई है कि ग्रुप सी के कुल कितने पद स्वीकृत हैं। इनमें से कितने पद प्रमोशन से भरे जाने हैं। उनमें से कितने पद रिक्त हैं। जो ग्रुप डी के कर्मचारी कॉमन कैडर से पहले से नियुक्त हैं, उनकी संख्या कितनी है। यह जानकारी मिलने के बाद ही ग्रुप डी के कॉमन कैडर में पदोन्नति होगी।

अधिकारियों को भेजे गए पत्र में साफ किया गया है कि गुरुवार की शाम तक ग्रुप सी का पदों का ब्यौरा भेजा जाए। अन्यथा इस संबंध में मुख्य सचिव को आगामी कार्रवाई हेतु रिपोर्ट भेज दी जाएगी। मुख्य सचिव कार्यालय ने कृषि विभाग, आर्ट एवं कल्चर विभाग, सांख्यिकी विभाग, सहकारिता विभाग, सीआईडी, फूड एवं ड्रग्स प्रशासनिक विभाग, विदेश सहयोग विभाग, गैजेट्स आर्गेनाइजेशन, राजभवन, शिकायत निवारण विभाग, हाउसिंग फॉर आल विभाग, सूचना, तकनीकी, इलेक्ट्रानिक्स एवं कम्यूनिकेशन, मेडिकल एजुकेशन, पंचायती राज, पावर विभाग, साइंस एंड टेक्नोलॉजी, स्टेट विजिलेंस ब्यूरो, नगर एवं योजना विभाग, परिवहन और विजिलेंस विभाग से जानकारी मांगी गई है।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Most Popular

To Top