
देहरादून, 25 जून (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर कांग्रेस पर करारा हमला बोला है। उन्होंने इसे भारतीय लोकतंत्र का गला घोंटने वाला कृत्य बताया।
मुख्यमंत्री ने बुधवार काे सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्ट में लिखा कि कांग्रेस सत्ता बचाने की जिद में संविधान को ताक पर रखा। प्रेस की स्वतंत्रता छीनी गई व न्यायपालिका को गुलाम बनाने की कोशिश हुई और हजारों निर्दोष नागरिक, विपक्षी नेता और सामाजिक कार्यकर्ता जेलों में ठूंस दिए गए। ‘इंदिरा ही इंडिया है’ जैसे नारों के जरिए कांग्रेस ने लोकतंत्र को व्यक्ति पूजा में बदलने का प्रयास किया, जो किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए सबसे बड़ा खतरा होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपातकाल कोई भूल नहीं, बल्कि कांग्रेस के लोकतंत्र विरोधी चरित्र का सबसे क्रूर प्रमाण है। वह समय दिखाता है कि जब सत्ता के नशे में चूर नेतृत्व आलोचना से डरने लगे, तो वह संविधान की मर्यादाएं तोड़ने में भी संकोच नहीं करता। आज भी जब कांग्रेस लोकतंत्र की दुहाई देती है, तो यह इतिहास याद दिलाता है कि जिन हाथों ने कभी संविधान की आत्मा को कुचला था, वे आज भी सत्ता की खातिर किसी भी हद तक जा सकते हैं। लोकतंत्र की रक्षा केवल स्मरण से नहीं, सतर्कता और सच को स्वीकार करने से होती है।
—-
(Udaipur Kiran) / राजेश कुमार
