Uttar Pradesh

सावन माह के पहले सोमवार पर सपा प्रमुखअखिलेश यादव सजातीय बंधुओं के साथ काशी में करेंगे जलाभिषेक

—चंद्रवंशी गोप समिति के आमंत्रण को सपा प्रमुख ने स्वीकारा,तैयारी शुरू

वाराणसी,24 जून (Udaipur Kiran) । सावन माह के पहले सोमवार पर यादव बंधुओं के साथ समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव भी काशीपुराधिपति बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगे। यादव बंधुओं के परम्परागत जलाभिषेक यात्रा में शामिल होने के लिए अखिलेश यादव ने चंद्रवंशी गोप समिति का आमंत्रण पत्र स्वीकार कर लिया है। समिति के पदाधिकारियों ने लखनऊ में सपा प्रमुख से मुलाकात की।

समिति के प्रदेश अध्यक्ष लालली चंद्रवंशी और आयुष्मान चंद्रवंशी के अनुसार सावन के पहले सोमवार को बाबा विश्वनाथ के जलाभिषेक के लिए देशभर से 50 हजार यादव बंधु काशी पहुंच रहे हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के साथ हम सभी विश्व कल्याण के लिए बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगे। सपा प्रमुख से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में मनोज यादव, आयुष्मान चंद्रवंशी, श्यामू यादव, चंदन यादव आदि रहे।

बताते चले , सावन के पहले सोमवार को सबसे पहले यादव बंधु गौरी केदारेश्वर का जलाभिषेक करते हैं। उसके बाद तिलभांडेश्वर और फिर दशाश्वमेध घाट से जल लेकर बाबा विश्वनाथ को जल अर्पण करते हैं। बाबा विश्वनाथ के दरबार के बाद मृत्युंजय महादेव और त्रिलोचन महादेव के दर्शन कर काल भैरव को जल अर्पण के बाद ये यात्रा पूरी होती है। चंद्रवंशी गोप सेवा समिति के प्रदेश अध्यक्ष के अनुसार साल 1932 में इस यात्रा की शुरूआत हुई थी। काशी और आसपास के जिलों में वर्ष 1932 में भीषण अकाल पड़ा था। तब शीतला गली में रहने वाले पांच दोस्त भोला सरदार, कृष्णा सरदार व बच्चा सरदार और ब्रह्मनाल के चुन्नी सरदार व रामजी सरदार ने संकल्प लिया कि वह बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगे। पांचों दोस्तों के जलाभिषेक के बाद यदि बारिश हुई तो अगले साल से पूरा यदुवंशी समाज सावन में बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करेगा। पांचों दोस्तों ने गौरी केदारेश्वर से लाटभैरव मंदिर के बीच विश्वनाथ मंदिर सहित सात शिवालयों, भैरव मंदिर और एक शक्ति पीठ में जलाभिषेक किया। फिर बारिश हुई और तब से वह परंपरा आज तक लगातार जारी है।

—————

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी

Most Popular

To Top