चेन्नई, 22 जून (Udaipur Kiran) । चेन्नई के मेयर राधाकृष्णन हॉकी स्टेडियम में जारी फर्स्ट हॉकी इंडिया मास्टर्स कप 2025 का रोमांच दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। प्रतियोगिता के पांचवें दिन महिला और पुरुष वर्ग में कुल चार मुकाबले खेले गए, जिनमें कर्नाटक, केरल, हरियाणा और महाराष्ट्र ने अपने-अपने प्रतिद्वंद्वियों को हराकर शानदार जीत दर्ज की।
महिला वर्ग:
पहले मुकाबले में हॉकी कर्नाटक ने कड़ा मुकाबला करते हुए हॉकी हिमाचल को 2-0 से मात दी। पहले हाफ में दोनों टीमें गोल करने में असफल रहीं, लेकिन दूसरे हाफ में मनसा केपी (36′) और रोहिणी एमआर (42′) के गोलों ने कर्नाटक को जीत दिलाई।
दूसरे मैच में केरल हॉकी ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए हॉकी महाराष्ट्र को 5-1 से हराया। सुशा मोल केएस (25’, 51’) ने दो गोल किए जबकि मलैयालगु (4’), विध्या वीसी (30’) और नीतू पीजे (38’) ने एक-एक गोल दागा। महाराष्ट्र की ओर से जिसा चंद्रन आर (58′) ने आखिरी मिनटों में सांत्वना गोल किया।
पुरुष वर्गः
पहले मुकाबले में हॉकी महाराष्ट्र ने हॉकी चंडीगढ़ को 2-0 से हराया। तीसरे क्वार्टर में मात्र तीन मिनट के अंतराल में शक्ति भरतसिंह ठाकुर (33′) और कप्तान धनंजय महाडिक (35′) ने गोल दागकर टीम को जीत दिलाई।
दिन के अंतिम मुकाबले में हरियाणा ने कर्नाटक को 5-2 से पराजित किया। हरियाणा के लिए अशोक कुमार (29’, 35’, 43’) ने हैट्रिक लगाकर मैच में चमक बिखेरी, जबकि विवेक दहिया (12′) और वीरेंद्र कुमार (57′) ने भी स्कोरशीट में नाम दर्ज कराया। कर्नाटक के लिए मंदन्ना (15′) और कप्तान विनया वीएस (55′) ने गोल किए, लेकिन वे जीत नहीं दिला सके।
—————
(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय
