Uttrakhand

सरकार का कलस्टर विद्यालय, गुणवत्तापरक शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का हिस्सा : खजान दास

भाजपा लोगो

-कांग्रेस, कलस्टर योजना से विद्यालय बंद या शिफ्ट होने का झूठ फैला रही है: खजान दास

देहरादून, 22 जून (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता और पूर्व शिक्षा मंत्री खजान दास ने प्रत्येक बच्चे के लिए गुणवत्तापरक शिक्षा को सरकार की प्रतिबद्धता बताते हुए कलस्टर विद्यालयों का समर्थन किया है। वहीं राष्ट्रीय शिक्षा नीति की इस पहल के खिलाफ कांग्रेसी बयानबाजियों काे उनकी शिक्षा विरोधी मानसिकता करार दिया है।

पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता खजान दास ने कहा कि उत्तराखंड राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू करने वाला पहला राज्य है, जिससे राज्य में शिक्षा को लेकर ऐतिहासिक सुधार किए जा रहे हैं। इसी शिक्षा नीति की मूल भावना के अन्तर्गत ही विद्यालय समेकन अथवा क्लस्टर विद्यालय की योजना आगे बढ़ाई जा रही है। इस सबको लेकर हमारी सरकार का उद्देश्य स्पष्ट है, बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना और संसाधनों का उचित उपयोग करना।

उन्होंने कहा कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति से प्रदेश में हो रहा अभूतपूर्व शैक्षणिक बदलाव ही कांग्रेसी बयानबाजियों की असल वजह है। क्योंकि अनेकों बार कहा जा चुका है कि क्लस्टर विद्यालय विकसित किये जाने का उद्देश्य निकटवर्ती विद्यालयों को बंद करना कतई नहीं है। ऐसा कोई आदेश नहीं दिया गया है कि निकटवर्ती विद्यालयों को बन्द करते हुए छात्र-छात्राओं को क्लस्टर विद्यालय में प्रवेश दिया जाय। बावजूद इसके कांग्रेस के नेता अपनी अपनी स्थानीय राजनीति को साधने और प्रदेश सरकार को बदनाम करने के उद्देश्य से ही इस मुद्दे कर झूठ और भ्रम फैला रहे हैं। जो कांग्रेस पार्टी की शिक्षा विरोधी मानसिकता को पूरी तरह उजागर करता है।

उन्होंने कहा कि पार्टी और सरकार की प्रतिबद्धता है कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्ता युक्त शिक्षा प्राप्त करने का अधिकार दिलाना। लिहाजा कलस्टर विद्यालयों को लेकर किसी भी तरह का भ्रम या संशय जनता के मन में नहीं है, सिवाय कांग्रेस नेताओं के।

—-

(Udaipur Kiran) / राजेश कुमार

Most Popular

To Top