
जयपुर, 22 जून (Udaipur Kiran) । केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि कांग्रेस में रिमोट पर सरकार चलने की परंपरा रही है। तब तो प्रधानमंत्री तक को कई वर्ष तक यह अहसास नहीं हुआ कि पद की ताकत कलम में निहित है या उसके बाहर।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के प्रदेश भाजपा सरकार पर लगाए गए आरोपों पर रविवार को मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री शेखावत ने दो टूक कहा कि कांग्रेस सरकार में कभी फैसले बदल दिए जाते थे, कभी फैसले प्रधानमंत्री और कैबिनेट पर थोप दिए जाते थे, कभी कैबिनेट के फैसलों को मीडिया और पब्लिक के सामने फाड़कर उनका उपहास मनाया जाता था। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उसकी वजह से कांग्रेस नेताओं को लगता है कि भाजपा की सरकार में भी ऐसा ही होता होगा, लेकिन भाजपा में ऐसी परम्परा नहीं है। जनता द्वारा संवैधानिक व्यवस्था से चुनी गई राजस्थान की डबल इंजन की सरकार जनता की उम्मीदों के अनुरूप काम कर रही है।
चुनाव में पराजय का रिकॉर्ड बना चुके हैं राहुल गांधी
राहुल गांधी द्वारा महाराष्ट्र चुनावों को लेकर चुनाव आयोग पर उठाए गए सवालों पर शेखावत ने कहा कि राहुल गांधी चुनाव में पराजय का रिकॉर्ड बना चुके हैं। उनके नेतृत्व में कांग्रेस की जितनी भी पराजय हुईं हैं, उसके बाद बेहयाई का लबादा ओढ़कर उसका ट्रीटमेंट करते हैं, केवल अपनी पराजय को छुपाने के लिए। शेखावत ने कहा कि पहले कुछ और कमेंट करते थे और बाद में ईवीएम को घेरना शुरू कर दिया, इस पर जब सुप्रीम कोर्ट की लताड़ लगी तो, वो अब चुनाव आयोग पर सवाल खड़े कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जिन संस्थाओं पर जनता को पूर्ण विश्वास है, उन पर सवाल खड़े कर जनता में अविश्वास पैदा करना किसी भी रूप में उचित नहीं है। वह केवल अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा की पूर्ति करना चाहते हैं, लेकिन अब यह संभव नहीं है, क्योंकि देश की जनता जागरूक हो गई है।
दूसरे पर टिप्पणी करने से पहले खुद के गिरेबां में झांकें डोटासरा
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि डोटासरा की स्थिति जब भी डमाडोल होती है, वह अपनी आवाज को ऊंची करने के लिए भाजपा और भाजपा सरकार की नीतियों को कोसना शुरू कर देते हैं। वह पहले खुद के गिरेबां में झांकें। शेखावत ने कहा कि राजस्थान में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद दो चुनाव हुए, एक उप चुनाव, जिसमें भाजपा एक सीट से पांच सीट तक पहुंची, और दूसरा पंचायती राज के उपचुनाव हुए, जिसमें भारतीय जनता पार्टी की अभूतपूर्व सफलता मिली। यहां तक कि डोटासरा के क्षेत्र में भी भाजपा की विजय हुई है।
शेखावत ने कहा कि डोटासरा लॉ इन ऑर्डर की बात करते हैं, अभी 2023 को बीते ज्यादा समय नहीं हुआ है, उस समय की स्थिति का आभास कर लें। राजस्थान में फेलियर ऑफ गवर्नमेंट को देखें तो 2023 से पहले की स्थिति को देखें, और जनता से 2023 से पहले के बारे में बात करें।
दुनिया ने स्वीकार की भारत की ताकत
केंद्रीय मंत्री में पहलगाम के बाद भारत द्वारा पाकिस्तान समर्थित आतंकवादी ठिकानों पर किए हमलों के संबंध में कहा कि दुनिया ने इस बात को स्वीकार किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने अपनी संप्रभुता की रक्षा की और पूरी दुनिया ने यह बात स्वीकारी।भारत द्वारा भेजे गए प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न देशों का दौरा कर उन्हें इस बात से अवगत कराया, जो कूटनीतिक रूप से भारत के लिए एक महत्वपूर्ण कदम रहा।
—————
(Udaipur Kiran)
