अगरतला, 22 जून (Udaipur Kiran) । त्रिपुरा देश का तीसरा पूर्ण साक्षर राज्य बनने जा रहा है। मिजोरम और गोवा के बाद त्रिपुरा भारत का तीसरा पूर्ण साक्षर राज्य होगा। मुख्यमंत्री माणिक साहा 23 जून, सोमवार को इसकी औपचारिक रूप से घोषणा करेंगे। त्रिपुरा शिक्षा विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को इसकी जानकारी दी।
पूर्वोत्तर का राज्य त्रिपुरा देश का तीसरा पूर्ण साक्षर राज्य बनने जा रहा है। राज्य के मुख्यमंत्री माणिक साहा 23 जून यानि सोमवार को रवींद्र शताब्दी भवन में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में इसकी औपचारिक रूप से घोषणा करेंगे। राज्य शिक्षा विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आज पुष्टि की कि त्रिपुरा, मिजोरम और गोवा के नक्शेकदम पर चलते हुए भारत का तीसरा पूर्ण साक्षर राज्य बनने के लिए तैयार है। उन्होंने बताया कि मूल रूप से त्रिपुरा को दूसरे स्थान पर होना था, लेकिन कुछ कार्य लंबित रह गये हैं, जिसके चलते वर्तमान में दूसरा स्थान गोवा ने हासिल कर लिया है।
उल्लेखनीय है कि 2011 की जनगणना के अनुसार, त्रिपुरा 87.75% साक्षरता दर के साथ पहले ही भारत का चौथा सबसे साक्षर राज्य बन गया था। दरअसल, राज्य सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के लिए कई पहल की हैं, जैसे कि मिड-डे मील योजनाएं और सामुदायिक-आधारित शिक्षण परियोजनाएं बेहतर ढंग से लागू की गयी हैं। इसके अलावा, ‘शिक्षा का अधिकार अधिनियम’ की शुरुआत और ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूलों की स्थापना से त्रिपुरा में शिक्षा सभी के लिए सुलभ हो गई है।——————–
(Udaipur Kiran) / अरविन्द राय
