झज्जर, 22 जून (Udaipur Kiran) । एक ईंट भट्ठे पर काम करने वाले बिहार मूल के परिवारों की दो किशोरी संदिग्ध हालात में गायब हो गई। पुलिस को दी शिकायत में एक किशोरी के पिता ने एक अज्ञात व्यक्ति पर दोनों को बहला फुसला कर भगा ले जाने का आरोप लगाया है।
बिहार मूल के मजदूरों के ये परिवार करीब नौ महीने से इस ईट भट्ठा परिसर में रहते हैं। मिट्टी से कच्ची ईंटें तैयार करते हैं। बाकी कई प्रकार की मजदूरी भी करते हैं।
मजदूरों की ये नाबालिग बेटियां भी अपने परिवारों के गुजारे के लिए माता-पिता के साथ मेहनत मजदूरी करती हैं। इनमें एक किशोरी 15 साल की और दूसरी 16 साल की है। एक किशोरी के पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी और उनकी झुग्गी के पास रहने वाली लड़की आपस में अच्छी सहेली हैं।
शनिवार की शाम दोनों भट्ठा परिसर में ही खेल रही थी। इस बीच करीब चार बजे एक अज्ञात व्यक्ति आया और दोनों को बहला फुसला कर ले गया। करीब चार बजे तक दोनों को दूसरे बच्चों ने एक साथ खेलते हुए देखा था।
शनिवार को रात तक वे घर नहीं लौटी तो उनके परिजनों ने पुलिस को शिकायत दी। उनकी बेटियों को तलाश करने में मदद करने और दोषी व्यक्ति के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की प्रार्थना की।
बेटियों के गायब होने से दोनों की मां का रो रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ नाबालिग लड़कियों को बहला फुसला कर ले जाने के आरोप में केस दर्ज तीनों की तलाश शुरू कर दी है।
—————
(Udaipur Kiran) / शील भारद्वाज
