
– मुख्यमंत्री ने कुरुक्षेत्र में पीएम गति शक्ति कार्गो टर्मिनल का किया उद्घाटन
– किसानों, उद्यमियों एवं व्यापारियों की बढ़ेगी समृद्धि, युवाओं को मिलेंगे रोजगार के नए अवसर
चंडीगढ़, 21 जून (Udaipur Kiran) । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा लॉजिस्टिक्स और सप्लाई चेन के क्षेत्र में एक नई शक्ति बनकर उभरेगा। धीरपुर (कुरुक्षेत्र) का अंतर्देशीय कंटेनर डिपो (आईसीडी) विकसित भारत-विकसित हरियाणा के निर्माण में मील का पत्थर साबित होगा। इससे प्रदेश के किसानों, उद्यमियों व व्यापारियों की समृद्धि बढ़ेगी और हमारे युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को इनलैंड कंटेनर डिपो धीरपुर के पीएम गति शक्ति कार्गो टर्मिनल के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत रूप से शुभारंभ किया। नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा में दुबई के सर्राफ ग्रुप का निवेश राज्य की आर्थिक नीतियों और यहां के व्यापार-अनुकूल माहौल के गहरे विश्वास को दर्शाता है, जो भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच मजबूत होते आर्थिक संबंधों का भी प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि यह केवल एक आधुनिक लॉजिस्टिक सुविधा का लोकार्पण नहीं है, बल्कि यह हरियाणा के सामथ्र्य, किसानों, व्यापारियों व उद्यमियों की समृद्धि और युवाओं के भविष्य को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कोई भी राष्ट्र अपने अतीत की नींव पर ही अपने भविष्य का निर्माण करता है। कुरुक्षेत्र की पहचान हमेशा से बड़े और साहसिक फैसलों के लिए रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से लैस यह कंटेनर डिपो 18 एकड़ भूमि पर बनाया गया है। इसके अलावा, सर्राफ ग्रुप द्वारा पलवल में 115 एकड़ भूमि पर मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक पार्क संचालित किया जा रहा है। रेवाड़ी में भी 30 एकड़ भूमि पर ट्रांसशिप हब विकसित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब यहां भी कस्टम क्लीयरेंस से लेकर वेयरहाउसिंग और कोल्ड स्टोरेज तक की आधुनिक सुविधाएं एक ही जगह पर मिलेंगी। इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, सर्राफ ग्रुप के वाइस चेयरमैन शराफुद्दीन सर्राफ, सर्राफ ग्रुप के अध्यक्ष सलाह सर्राफ सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा
