HEADLINES

हरियाणा के सभी विश्वविद्यालयों के पाठ्यक्रम में शामिल होगा योगः सैनी

चंडीगढ़, 21 जून (Udaipur Kiran) । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कहा कि राज्य के सभी विश्वविद्यालयों के शैक्षणिक पाठ्यक्रम में योग को शामिल किया जाएगा। इसके लिए एक समान योग पाठ्यक्रम बनाया जाएगा। उन्होंने यह घोषणा आज कुरुक्षेत्र में आयोजित राज्यस्तरीय योग समारोह में की।

कुरुक्षेत्र में योग गुरु स्वामी रामदेव ने सभी को योग करवाया। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, स्वास्थ्य मंत्री आरती राव, कुरुक्षेत्र सांसद नवीन जिंदल समेत कई गणमान्यों ने इसमें भाग लिया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर हरियाणा के सभी जिलों, विधानसभा क्षेत्रों तथा 121 ब्लाकों में योग दिवस समारोह का आयोजन किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालयों में योग शोध को बढ़ावा देने के लिए योग लेखक प्रोत्साहन योजना लागू की जाएगी। हर वर्ष योग लेखकों को राज्य सम्मान दिया जाएगा। प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में योग प्रदर्शन का मूल्यांकन क्रेडिट आधारित परीक्षा प्रणाली के रूप में किया जाएगा। योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा विषयों को इस वर्ष से ही आयुष चिकित्सा प्रणाली के अंतर्गत मान्यता दी जाएगी। इन विषयों के चिकित्सकों का राजकीय पंजीकरण भी शुरू होगा।

सैनी ने कहा कि श्रीकृष्णा आयुष विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय ध्यान केंद्र के लिए विशाल हॉल का निर्माण किया जाएगा। प्रदेश में इस समय 883 योग एवं व्यायामशाला खोली जा चुकी हैं। चालू वित्त वर्ष के दौरान प्रदेश में 100 नई खोली योग और व्यायामशालाएं खोली जाएंगी। योग को खेल के रूप में सुदृढ़ करने के लिए खेल विभाग में 40 योगा कोच भर्ती किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में आज योग दिवस को एक महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। पिछले 25 दिनों में प्रशासनिक अधिकारी, एनजीओ, धार्मिक सामाजिक संस्थाएं योग अभ्यास प्रोटोकॉल का आयोजन कर चुके हैं, जिसमें 20 लाख से अधिक लोग जुड़े हैं।

प्रदेश के सभी कार्यालयों में शुरू होगा वाई ब्रेक

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने घोषणा की है कि प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों में आज से ही पांच मिनट का वाई ब्रेक शुरू किया जाएगा। सरकारी कर्मचारी अपनी सीट पर बैठे हुए ही पांच मिनट के लिए साधारण योग करेंगे ताकि वह कार्य के दौरान तनाव मुक्त रहकर काम कर सकें।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Most Popular

To Top