
रांची 20 जून (Udaipur Kiran) । नीलाम्बर-पीताम्बर विश्वविद्यालय, पलामू के कुलपति प्रो. दिनेश कुमार सिंह को रांची विश्वविद्यालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। यह निर्णय राज्यपाल सह कुलाधिपति द्वारा अंतरिम व्यवस्था के तहत लिया गया है। प्रो. सिंह तब तक आरयू का कार्यभार देखेंगे जब तक स्थायी कुलपति की नियुक्ति नहीं हो जाती।
इसी क्रम में, दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू), रांची के कुलपति का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
उल्लेखनीय है कि रांची विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अजित कुमार सिन्हा का कार्यकाल 20 जून 2025 को समाप्त हो गया, जिससे विश्वविद्यालय का शीर्ष पद रिक्त हो गया था। इस स्थिति को देखते हुए राज्यपाल ने यह अंतरिम निर्णय लिया है।
राजभवन द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह व्यवस्था 21 जून 2025 से प्रभावी होगी। इससे विश्वविद्यालयों के प्रशासनिक और शैक्षणिक कार्यों की निरंतरता बनी रहेगी।
—————
(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar
