
चेन्नई, 19 जून (Udaipur Kiran) । चेन्नई में चल रहे फर्स्ट हॉकी इंडिया मास्टर्स कप 2025 के दूसरे दिन मुकाबलों में रोमांच और उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला। महिला वर्ग में हॉकी पंजाब और हॉकी हरियाणा ने जीत दर्ज की, जबकि पुरुष वर्ग में हॉकी महाराष्ट्र और हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा विजेता रहे।
महिला वर्ग में पंजाब और हरियाणा का दबदबा
दिन की शुरुआत हॉकी पंजाब और हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा के मुकाबले से हुई, जिसमें पंजाब ने ओडिशा को 3-1 से मात दी। पंजाब की ओर से संगीता मिन्ज (3’), कप्तान अमनदीप कौर (5’) और नीति (26’) ने गोल दागे। ओडिशा की ओर से एकमात्र गोल रंजीता बेक (50’) ने किया।
दूसरे मैच में हॉकी हरियाणा ने हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु को 8-4 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। हरियाणा के लिए छिंगशुबम संगई इबेमहल (3’, 10’, 13’) और सोनिका यादव (32’, 49’, 51’) ने हैट्रिक लगाई, जबकि सुमन लता चुम्बक (26’) और नीतू कुमारी (44’) ने भी गोल किए। तमिलनाडु की ओर से सुरेश रासना बाबू (2’, 20’), क्रिस्टी एलेना एडवर्ड (40’) और सौम्या (56’) ने गोल किए।
पुरुष वर्ग में महाराष्ट्र और ओडिशा ने दर्ज की बड़ी जीत
पुरुष वर्ग में हॉकी महाराष्ट्र ने मणिपुर हॉकी को एकतरफा मुकाबले में 7-1 से शिकस्त दी। कप्तान धनंजय महाडिक (34’, 36’) ने दो गोल किए, जबकि दादासाहेब प्रकाश घुंबरे (12’), विक्रम पिल्लै (14’), लियोनार्ड कीथ परेरा (19’), शक्ति भारतसिंह ठाकुर (24’) और हरीश पाडिन्जारेथिल (54’) ने भी एक-एक गोल किया। मणिपुर की ओर से एकमात्र गोल सोरोक्हैबम विद्याकुमार सिंह (25’) ने किया।
दिन के अंतिम मुकाबले में हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा ने ले पुडुचेरी हॉकी को 6-3 से हराया। ओडिशा के लिए सैंटियल मुंडू ने (32’, 41’, 43’) हैट्रिक लगाई, जबकि कप्तान लाजरुस बारला (19’), लधु एक्का (52’) और बर्नार्ड लकड़ा (59’) ने भी गोल किए। पुडुचेरी की ओर से हरिकृष्णन एस (17’), बी अधिकेसवन (23’) और डेल्हिगणेश (58’) ने गोल किए।
——————
(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय
