
जयपुर, 17 जून (Udaipur Kiran) । प्रदेश भर में चल रहे वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत मंगलवार को ऐतिहासिक तीर्थ गलता जी में श्रमदान और जल पूजन कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि संसदीय कार्य मंत्री और जयपुर जिला प्रभारी मंत्री जोगाराम पटेल और हेरिटेज निगम महापौर कुसुम यादव ने मंदिर श्री सीताराम जी में विशेष पूजा अर्चना की। इसके बाद गलता कुंड में से मिट्टी मलबा उठाकर श्रमदान किया। इस दौरान मंत्री जोगाराम पटेल और महापौर कुसुम यादव ने पवित्र कुंड में विधिवत जल पूजन भी किया और प्रदेश में अच्छी वर्षा की कामना भी की।
साथ ही नगर निगम हेरिटेज – ग्रेटर निगम और जिला प्रशासन द्वारा वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा बैठक भी ली, जिसमें जिला कलेक्टर जितेंद्र कुमार सोनी, ग्रेटर निगम आयुक्त रुक्मणि रियाड, हेरिटेज निगम आयुक्त अरुण हसीजा, जिला परिषद सीईओ प्रतिभा वर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने अभियान के तहत किए गए कार्यों के बारे में मंत्री जोगाराम पटेल को अवगत कराया। इस दौरान मंत्री जोगाराम पटेल ने प्रशासकीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।
इस दौरान जयपुर प्रभारी मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान की शुरुआत प्रदेश के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने पांच जून को गंगा दशमी पर की। राज्यभर में ये अभियान जन आंदोलन की तरह सफल क्रियान्वित हो रहा है। वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान से लाखों लोग जुड़कर श्रमदान, पौधरोपण, जल संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा रहे है। राज्य सरकार के सभी मंत्री, विधायक, जन प्रतिनिधि प्रशासन के अधिकारी, नगरीय निकाय के अधिकारी सभी लोग इसे सफल बनाने में जुटे हुए है। जल है तो कल है, जल की महत्ता को हम सभी को समझना होगा। आज हम सभी ने ऋषि गालव की पवित्र तपोस्थली पावन गलता तीर्थ में श्रमदान किया और पर्यावरण को सुरक्षित करने का संदेश भी दिया। साथ ही जल पूजन पर भगवान से प्रदेश में अच्छी बारिश की कामना की है। वहीं, सरकार की ओर से गलता तीर्थ में कराए जा रहे विकास कार्यों का निरीक्षण भी किया है। जिला प्रशासन और हेरिटेज निगम के द्वारा अच्छा कार्य किया जा रहा है। इसके लिए सभी को साधुवाद देता हूं।
हेरिटेज निगम महापौर कुसुम यादव ने कहा कि ऋषि गालव की नगरी अपरा काशी जयपुर में कई प्राचीन बावड़ी और जलाशय है। ये हमारी संस्कृति और सभ्यता भी है। इनकी रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। हेरिटेज निगम की ओर से सभी बावड़ी और जलाशयों में सफाई अभियान किया जा रहा है। हम सभी को भी इन्हें संरक्षित रखते हुए इनका ध्यान रखना है। बावड़ी और जलाशयों में प्लास्टिक या अन्य सामग्री नहीं डालनी है। दूसरों को भी सफाई के लिए प्रेरित करना है।
इस दौरान मंत्री जोगाराम पटेल और महापौर कुसुम यादव ने प्रशासकीय अधिकारियों के साथ गायों की हरा चारा और गुड़ खिलाया। इसके बाद आमागढ़ सफारी और प्राचीन जग्गा की बावड़ी में चल रहे विकास कार्य और सौंदर्यकरण का निरीक्षण किया। जग्गा की बावड़ी को देख मंत्री जोगाराम पटेल अभिभूत हुए और उन्होंने अधिकारियों को बावड़ी के विकास कार्य में लेकर जरूरी दिशा निर्देश भी दिए।
—————
(Udaipur Kiran) / राजेश
