
नई दिल्ली, 17 जून (Udaipur Kiran) । दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने मंगलवार को सिटी एसपी जोन के बल्लीमारान में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर खुलने के बाद लोगों को अब बुनियादी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए परेशान नहीं होगा पड़ेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर राजा इकबाल सिंह ने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर रोदग्रान, बल्लीमारान में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ 14 विभिन्न स्वास्थ्य जांच और टेलीमेडिसन जैसी सेवाएं निशुल्क उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं को यहां स्वास्थ्य देखभाल, दवाइयां और उपचार निशुल्क उपलब्ध रहेगा। इससे गर्भावस्था के दौरान होने वाली मुश्किलों को कम करने में मदद मिलेगी।
इकबाल सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की यह पहल आयुष्मान आरोग्य मंदिर दिल्ली की जनता को सुलभ व निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में क्रांतिकारी साबित होगी। उन्होंने बताया कि चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ यह आरोग्य मंदिर स्वास्थ्य जागरुकता के प्रसार में भी अहम भूमिका निभाएंगे।
महापौर ने कहा कि केंद्र सरकार के आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गरीब को मुफ्त इलाज की सुविधा प्रदान की जा रही हैं। वहीं अब आरोग्य मंदिरों के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधा की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि कहा कि नगर निगम दिल्ली को स्वच्छ व हरित बनाकर, शिक्षा की अलख जगाकर और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाकर विकसित भारत के निर्माण में अपना अग्रणी भूमिका निभाने के लिए पूर्ण रूप से समर्पित और तैयार है।
—————
(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी
