Madhya Pradesh

रक्षाबंधन के अवसर पर लाड़ली बहनों को दिये जाएंगे अतिरिक्त 250 रुपये: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

बरेली में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम
बरेली में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम
तिरंगा यात्राः

– मुख्यमंत्री ने बरेली में किया 138.96 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन, कहा- पांच साल में बदल देंगे मध्य प्रदेश की तस्वीर

भोपाल, 16 जून (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश अब तेजी से आगे बढ़ रहा है। विकास की यह गति हम थमने नहीं देंगे। विकास की हर बात पर सरकार नागरिकों से कदम से कदम मिलाकर काम करेगी। आगामी रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की सभी लाड़ली बहनों के खाते में 1500 रुपये की राशि अंतरित की जायेगी। जिसमें योजना की तय राशि 1250 रुपये के अलावा 250 रुपये रक्षाबंधन पर उपहार के रूप में दिये जाएंगे। उन्होंने कहा कि सबके सहयोग से अगले पांच साल में हम मध्य प्रदेश की तस्वीर बदल देंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को रायसेन जिले की बरेली में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के निर्माण कार्यों सहित कुल 138.96 करोड़ की लागत वाले विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री ने चयनित हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितलाभ भी वितरित किए। मुख्यमंत्री ने जल गंगा संवर्द्धन अभियान के तहत स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ पौधरोपण भी किया।

बरेली विकास के पथ पर अग्रसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नए-नए कीर्तिमान गढ़ रहा है। मध्य प्रदेश के साथ बरेली क्षेत्र पर छींद वाले हनुमान जी महाराज की असीम कृपा है। कृषि संपन्न बरेली क्षेत्र भी विकास के पथ पर अग्रसर है। गांव-गांव को सड़क से जोड़ने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की शुरू की थी। तब विरोधी लोग कहते थे कि गांव में सड़क की क्या जरूरत है, वहां तो बैलगाड़ी चलती है। दूरदर्शी नेतृत्व के धनी स्व. अटलजी ने देश को स्वर्णिम चतुर्भुज योजना की भी सौगात दी, जिसका लाभ आज पूरे देश और नर्मदांचल को भी मिल रहा है।

अगले तीन सालों में किसानों को बिजली बिल से कर देंगे मुक्त

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों को पांच रुपये में बिजली कनेक्शन देने का निर्णय लिया है। हमारी सरकार की कोशिश है कि अगले तीन साल में हम किसानों को बिजली बिल से पूरी तरह मुक्त कर देंगे। हमारी सरकार ने किसानों के लिए सोलर पंप योजना की शुरुआत की है। किसान अपनी बिजली बनाएं, उपयोग करें और उनकी जरूरत से ज्यादा/अतिरिक्त बिजली सरकार खरीदेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर खेत तक पानी पहुंचाने के लिए मध्यप्रदेश में केन-बेतवा लिंक, पार्वती-कालीसिंध-चंबल और तापी मेगा रीचार्ज परियोजना की शुरुआत की गई है। उन्होंने बताया कि पहले मध्य प्रदेश में केवल 7 लाख हेक्टेयर रकबे में सिंचाई होती थी, अभी 55 लाख हेक्टेयर रकबे में सिंचाई हो रही है। अगले 5 साल में हम प्रदेश का सिंचाई रकबा 100 लाख हेक्टेयर तक लेकर जाएंगे।

युवाओं के लिए इंटर्नशिप में सहायता देगी सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने किसान परिवार के बेरोजगार युवाओं को इंटर्नशिप दिलाने की अभिनव योजना की शुरुआत की है। इससे जुड़े युवाओं को कौशल उन्नयन के साथ ही 3000 रुपये प्रति महीना आर्थिक लाभ भी दिया जा रहा है। हम इस की सराहना करते हैं। ऐसी योजना में इंटर्नशिप की सहायता राशि अब राज्य सरकार प्रदान करेगी। हमारी सरकार युवाओं के विकास के लिए पूरी तरह संकल्पित है। हम युवाओं को काम दिलाएंगे।

तीन साल में मेडिकल कॉलेज की संख्या 50 करने का लक्ष्य

उन्होंने कहा कि सरकार मेडिकल के साथ नर्सिंग कॉलेज की संख्या बढ़ाने की दिशा में कार्य कर रही है। अगले 3 साल में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 50 करने का लक्ष्य है। प्रदेश के गांवों की बेटियों को भी नर्सिंग कॉलेजों में पढ़ाई और रोजगार का अवसर मिलेगा। प्रदेश की लाड़ली बहनों को आगामी रक्षाबंधन पर 1500 रुपये मिलेंगे। तय राशि 1250 के अलावा 250 रुपये रक्षाबंधन का तोहफा अलग से दिया जाएगा।

पंजाब और हरियाणा को पीछे छोड़कर मध्य प्रदेश बनेगा नंबर-1

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार ने 4 लाख 21 हजार करोड़ का बजट पेश किया था। प्रदेश में आठ एयरपोर्ट बनकर तैयार हो चुके हैं। प्रदेश के विकास के लिए औद्योगीकरण को बढ़ावा दे रहे हैं। मेट्रोपोलिटन क्षेत्र विकसित होने से बरेली, औबेदुल्लागंज सहित पूरा क्षेत्र जगमगायेगा। हमारी सरकार किसानों की समृद्धि के लिए कार्य कर रही है। पंजाब और हरियाणा को पीछे छोड़कर मध्य प्रदेश देश का नंबर 1 राज्य बनेगा। सरकार कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा दे रही है। प्रदेश को दूध की राजधानी बनाने के लिए योजनाएं शुरू की गई हैं। स्व-सहायता समूह की महिलाएं और किसान गाय पालना शुरू करें। उन्हें 25 फीसदी सब्सिडी मिलेगी। सरकार दूध खरीदेगी। अगर कोई गौशालाएं शुरू करना चाहता है, तो सरकार उसे हर संभव मदद देगी।

मुख्यमंत्री की घोषणाएं

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राज्यमंत्री पटेल एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर घोषणा करते हुए कहा कि बरेली में स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। उदयपुरा विधानसभा में बारना और जामगढ़ सिंचाई परियोजना का क्रियान्वयन शीघ्र शुरू होगा। बरेली नगर परिषद को अब नगर पालिका बनाया जाएगा। बरेली में पशु चिकित्सालय के नये भवन सहित बरेली क्षेत्र के छींद, बापौली और उदयपुरा क्षेत्र के सभी देवस्थानों में जरूरी विकास कार्य पूर्ण किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बरेली में आयोजित तिरंगा यात्रा में की सहभागिता

मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को रायसेन जिले के बरेली में देश के वीर सैनिकों के सम्मान में आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा में भी शामिल हुए। तिरंगा यात्रा में अपार जन समूह शामिल हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वंदे-मातरम और भारत माता की जय का उद्घोष किया। बरेली में सड़क मार्ग के दोनों और से अपार जन-समूह ने मुख्यमंत्री पर फूलों की वर्षा की। तिरंगा यात्रा के दौरान शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरेली के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति भी दी गई। लोक नर्तकों के दल द्वारा भी लोक-नृत्य प्रस्तुत किया गया। तिरंगा यात्रा में जगह-जगह बनाए गए स्वागत मंच से पूर्व सैनिकों, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संघ, जनजातीय समाज, स्व-सहायता समूह की महिलाएं, युवा, बुजुर्गों और लाड़ली बहनों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top