
रांची, 16 जून (Udaipur Kiran) । अग्रसेन भवन में पिछले चार दिनों से श्रीमदभागवत कथा सुना रहे गुरु श्रीकांत शर्मा का स्वागत रांची के विभिन्न धार्मिक संगठनों ने सोमवार को किया।
स्वागत करनेवालों में श्याम मित्र मंडल, प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के पदाधिकारी, जिला मारवाड़ी सम्मेलन, झारखंड प्रान्त मारवाड़ी युवा मंच, सरस सुंदर कांड, अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन शामिल हैं।
वहीं श्रीमदभागवत कथा के चौथे दिन श्रीकांत शर्माजी ने कहा कि भक्त की रक्षा स्वयं भगवान करते हैं। समुद्र मंथन से एक बार 14 रत्न मिले पर आत्ममंथन सबसे बड़ा है। इससे परमात्मा प्राप्त होते हैं। उन्होंने कहा जिस का रक्षक भगवान हो उसे कोई मार नहीं सकता। जो प्रभु का दास हो वो कभी हार नहीं सकता।
राम जन्म उत्सव के अवसर पर कथा का व्याख्यान करते हुए व्यासजी ने कहा राम के लिए ब्रह्मा विद्यमान हैं। राम हमारे आदर्श पुरूष हैं।
उन्होंने कहा कि भगवान जब हदय में प्रगट होते हैं तब मानव का कल्याण होता है। बिना संतों की सेवा के ईश्वर नहीं मिल सकते। भगवान का कीर्तन भजन तुम्हें बचा सकता है। प्रभु ह्रदय सिंहासन पर आएं इसलिए कथा सुनी जाती है।
काम क्रोध लोभ मानव को कमजोर करते हैं
उन्होंने कहा कि काम, क्रोध और लोभ मानव को कमजोर करते हैं। जब तक ये रहते हैं प्रभु का सानिध्य नहीं मिलता।
कथा काम, क्रोध लोभ जैसे विकारों को दूर करती है। काम मानव का शत्रु है, लेकिन वह मित्र के समान प्रतीत होता है, जब वह हटता है राम का प्रवेश होता है। भगवान सभी को सूर्य की तरह समभाव से प्रकाश देते हैं । वह सब को उसके अनुकूल फल देते हैं। भगवान जीव को आनंद देने के लिए लीला कहते हैं। भगवान मित्र का तो कल्याण करते ही हैं वे शत्रु का भी कल्याण करते हैं ।
श्रीमद् भागवत कथाओं के चतुर्थ दिवस कि कथाओं पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग खुद को भगवान घोषित करें ऐसे लोगों से सावधान रहना चाहिए। वैज्ञानिक अभी तक एक मौलिक कीड़ा भी नहीं बना सके, लेकिन लोगों ने धरती पर कई भगवान बना दिए। इस तरह के लोगों और कथित भगवान से सतर्क रहना चाहिए।
कथा के दौरान भगवान को मक्ख़न, पंजीरी, मिश्री, पेड़ा सहित फलों का भोग लगाया गया।
वहीं पूरे कथा स्थल को बैलून, फूलों, हरि पत्तियों से सजाया गया था।
राजा बली की निकली झांकी
इस दौरान राजा बली की झांकी निकाली गई। बामन अवतार की झांकी के दर्शन लोगों ने किए। भगवान का जन्म हुआ भगवान की झांकी का दर्शन कथा स्थल में सभी ने किया। कथा स्थल में भगवान के जन्म पर श्रद्धालुओं ने जयकारा लगाया। भगवान का पूजन मुख्य यजमान ने किया। लोगों के बीच टॉफी और खिलौने लुटाए गए।
मौके पर ओमप्रकाश केडिया, निरंजन केडिया, अजय केडिया, संजय केडिया,निर्मल बुधिया,प्रमोद सारस्वत, राजेश गोयल सुरेंद्र अग्रवाल, ललित पोद्दार, विश्वनाथ नारसरिया, पवन शर्मा, विनोद जैन, पवन पोद्दार, अशोक नारसरिया सहित अन्य मौजूद थे।
—————
(Udaipur Kiran) / Vinod Pathak
