

– संगठन द्वारा सौंपे गए हर कार्य को हम पूरी निष्ठा से संपन्न करते हैं : डॉ. मोहन यादव – मध्यप्रदेश के पचमढ़ी में आयोजित हुआ तीन दिवसीय भाजपा सांसद एवं विधायकों के प्रशिक्षण वर्ग सत्र
भोपाल/पचमढ़ी, 16 जून (Udaipur Kiran) । पार्टी द्वारा सरकर का या संगठन का जो भी दायित्व हम कार्यकर्ताओं को सौंपा जाता है, हम लोग उसे पूरी ईमानदारी व निष्ठा के साथ पूर्ण करते हैं। व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण की परम्परा एक ऐसी प्रक्रिया है, जिसमें व्यक्ति के चरित्र, मूल्यों और क्षमताओं का विकास करके राष्ट्र के निर्माण में योगदान दिया जाता है। यह प्रक्रिया व्यक्ति को समाज में एक जिम्मेदार नागरिक बनाती है और व्यक्ति राष्ट्र निर्माण में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को पचमढ़ी में आयोजित तीन दिवसीय भाजपा सांसद एवं विधायकों के प्रशिक्षण वर्ग के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे, भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी एवं स्वर्गीय राजमाता सिंधिया ने अलग पहचान बनाकर पार्टी के विस्तार में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से आंतकवाद को नेस्तानाबूत करके दुनिया में एक अलग पहचान बनाई है। भाजपा ने विकास से लेकर विरासत को संजोया है, हमने इंदौर व पंचमढ़ी में कैबिनेट बैठक आयोजित की। मध्य प्रदेश प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि यह हम सभी को गौरवान्वित करने वाला क्षण है कि आज हमें भाजपा के वरिष्ठ नेता व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का मार्गदर्शन मिला। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रक्षा विशेषज्ञों के साथ स्वदेशी रक्षा सामग्री का प्रयोग कर एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। देश की सेनाओं और स्वदेशी मिसाइलों ने ऑपरेशन सिंदूर में पराक्रम दिखाकर इतिहास रचा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में तीनों सेनाओं ने पाकिस्तान में आतंकवाद को नेस्तानाबूत करने का काम किया है। आज रक्षा क्षेत्र में भारत को दूसरे देशों पर निर्भर रहने की आवश्यकता नहीं है, हमारी सेनाएं और रक्षा उपकरण स्वदेशी होने के साथ ही आधुनिक भी हैं।
प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने वर्ग के द्वादश सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का विकास और विस्तार कार्यकर्ताओं की पीढ़ियों के परिश्रम और पुण्य का प्रतिफल है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद विकास के साथ विरासत को भी सहेजने का कार्य शुरू हुआ। प्रधानमंत्री ने कहा था कि देश में अंग्रेजों के बनाए कानून नहीं चलेंगे, इसके लिए भारतीय न्याय संहिता लागू की गई। नौसेना के झंडे में परिवर्तन किया गया। नया संसद भवन का निर्माण हुआ, राजपथ का नाम बदलकर कर्तव्यपथ रखा गया और इंडिया गेट पर जार्ज पंचम की प्रतिमा हटाकर नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा लगाई गई। भगवान श्रीराम के जन्मस्थान जो पहले फैजाबाद था उसे बदलकर अयोध्या किया गया।
डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 लगाए जाने के बाद डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को देश में एक ऐसी पार्टी की आवश्यकता महसूस हुई, जो देश देश के इतिहास, धर्म, परंपरा और संस्कृति से जुड़ी हुई हो, तब उन्होंने जनसंघ की स्थापना की। पं. दीनदयाल उपाध्याय ने इस दल की विचारधारा के बीज बोए। जनसंघ से भाजपा तक न हमारी विचारधारा बदली है न हमारी कार्य संस्कृति बदली है। आज जनसंघ से ही बनी हमारी भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है। हमारे लिए कोई व्यक्ति, वंश या गुट नहीं, केवल राष्ट्र और राष्ट्रहित ही सर्वोपरि होता है।
इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, केंद्रीय मंत्री डॉ. एल मुरूगन, सावित्री ठाकुर, जॉर्ज कुरियन, प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा एवं राजेन्द्र शुक्ल मंचासीन रहे। संचालन प्रदेश महामंत्री एवं सांसद कविता पाटीदार एवं आभार मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने माना।——————–
(Udaipur Kiran) तोमर
