HimachalPradesh

हिमाचल प्रदेश में चार दिन अंधड़-बिजली का अलर्ट, 20 जून से भारी वर्षा की चेतावनी

मौसम पूर्वानुमान

शिमला, 16 जून (Udaipur Kiran) । हिमाचल प्रदेश में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को कुछ राहत मिली है। पिछले 24 घण्टों में बारिश होने से राज्य के अधिकतम व न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट आई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला से प्राप्त जानकारी के अनुसार अगले कुछ दिनों में राज्य के कई हिस्सों में आंधी-तूफान और हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है। इसके चलते मैदानी जिलों में लू से परेशान लोगों को और निजात मिलेगी। मौसम विभाग ने 20 जून से प्री-मानसून गतिविधियों की संभावना जताई है जबकि 25 जून के आसपास प्रदेश में दक्षिण-पश्चिमी मानसून के प्रवेश करने का अनुमान है।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश में अधिकतम तापमान ऊना में 39.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान कुकुमसेरी में 8.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। कांगड़ा में 33.6 मिमी, करसोग में 27.0 मिमी, पालमपुर में 23.8 मिमी, धर्मशाला में 16.0 मिमी, जुब्बड़हट्टी में 12.0 मिमी, कुफरी में 8.6 मिमी और शिमला में 7.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इस प्रकार से कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश से मौसम में थोड़ी राहत मिली है।

प्रदेश में तेज हवाओं का दौर भी जारी है। सबसे तेज हवा 59 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से सिओबाग में चली, जबकि कुकुमसेरी में 43, बजौरा और नेरी में 41, कोटखाई में 39 और बिलासपुर में 37 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं दर्ज की गईं।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 16 से 20 जून तक राज्य के कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घण्टे की रफ्तार से अंधड़ चलने और बिजली गिरने का येलो अलर्ट रहेगा। 16 और 17 जून को राज्य के कई भागों में तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं 18 से 20 जून तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज के साथ बारिश और तेज हवाओं की स्थिति बनी रह सकती है। 21 और 22 जून को भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। यह बारिश खासकर मैदानी और मध्यवर्ती क्षेत्रों में हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश के मैदानी जिले जैसे ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर और कांगड़ा बीते कुछ दिनों से भीषण गर्मी की चपेट में हैं। दोपहर के समय तेज धूप और लू चलने से जनजीवन प्रभावित हुआ है। पिछले दिनों कई स्थानों पर तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस के अधिक रिकॉर्ड किया गया है। लेकिन आने वाले सप्ताह में मौसम के बदलने से लोगों को थोड़ी राहत मिलने की संभावना बन रही है।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Most Popular

To Top