Bihar

एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी (महिला) गौरव यात्रा को मुख्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी

एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी (महिला) गौरव यात्रा का मुख्यमंत्री  शुभारंभ करते

पटना, 14 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज एक अणे मार्ग में आयोजित समारोह में हरी झंडी दिखाकर एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी (महिला) गौरव यात्रा को रवाना किया। मुख्यमंत्री ने यात्रा को हरी झंडी दिखाने से पहले ट्रॉफी का अनावरण किया। इसके पश्चात् गौरव यात्रा के बस में साथ जाने वाली एकलव्य स्पोर्ट्स स्कूल की बच्चियों को मुख्यमंत्री ने ट्रॉफी सौंपा।

मुख्यमंत्री ने हॉकी गौरव यात्रा के लिये तैयार की गयी बस का मुआयना किया। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर बस को विदा कर यात्रा का शुभारंभ किया। बिहार में पहली बार 11 नवंबर से 20 नवंबर तक आयोजित होनेवाली अंतरराष्ट्रीय ‘विमेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2024’ के संदर्भ में ट्रॉफी गौरव यात्रा 14 अक्टूबर से 10 नवंबर तक निकाली जा रही है, जो हरियाणा, पंजाब, ओडिशा और झारखंड राज्यों के अलावा बिहार के सभी 38 जिलों से होकर गुजरेगी।

विमेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की महिला हॉकी टीम हिस्सा ले रही हैं।

उल्लेखनीय है कि अंतरराष्ट्रीय राजगीर खेल परिसर के हॉकी ग्राउंड में प्रतियोगिता के सभी मैच खेले जाएंगे। भारत 2023 का विजेता है। इसलिए ट्रॉफी भारत के पास ही है, जो हमारे लिए बहुत गर्व की बात है। ट्रॉफी गौरव यात्रा का उद्देश्य राज्य में खेल संस्कृति का विकास और खेल के क्षेत्र में राज्य की महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के साथ-साथ भारत के राष्ट्रीय खेल हॉकी के गौरव के प्रति लोगों को जागरूक कर पहली बार बिहार में होनेवाली इस प्रतियोगिता को सफल बनाना है। जहां-जहां ट्रॉफी गौरव यात्रा पहुंचेगी वहां स्थानीय प्रशासन के सहयोग से वहां ट्रॉफी के स्वागत और सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे ताकि बिहार में पहली बार होने वाली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता को सफल बनाने में सबकी भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।

गौरतलब है मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 29 अगस्त को राजगीर खेल परिसर में अंतरराष्ट्रीय खेल अकादमी और एस्ट्रो टर्फ हॉकी ग्राउंड का उद्घाटन किया था और 5 अक्टूबर को विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के शुभंकर और लोगो का अनावरण भी किया था।

—————

(Udaipur Kiran) / गोविंद चौधरी

Most Popular

To Top