Uttar Pradesh

विजयदशमी पर आरएसएस ने शस्त्र पूजन के बाद शहर में छह स्थानों पर निकाला पथ संचलन

PHOTO
PHOTO

सहारनपुर, 12 अक्टूबर, (Udaipur Kiran) । सहारनपुर में विजयदशमी के उपलक्ष्य पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा शस्त्र पूजन करने के साथ ही शहर मे छह स्थानों पर पथ संचलन निकाला गया। प्रत्येक संचलन में करीब 150 से 200 स्वयंसेवक कदम से कदम मिलाते हुए शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरे। वहीं घोष (आरएसएस का बैंड) की स्वर लहरियों ने स्थानीय लोगों को अपनी ओर आकर्षित किया। पथ-संचलन का जगह-जगह हिन्दू परिवारों और संगठनों द्वारा पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया।

विजयदशमी पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का स्थापना दिवस भी मनाया जाता है। जिसमे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक शस्त्र पूजन करते हैं और पथ संचलन निकालकर हिन्दू समाज को एकात्मता के सूत्र मे बांधकर उत्साह एवं निडरता का भाव भरने का कार्य करते हैं। स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से हिन्दू एकता एवं अखंडता का संदेश भी देते हैं।

कार्यक्रमों में संघ के वरिष्ठ प्रचारकों और कार्यकर्ताओं का उद्बोधन भी हुआ। जिसमें उग्रवाद, आतंकवाद सहित राष्ट्र विरोधी ताकतों से निपटने के लिए समाज को सदैव तत्पर रहने का संदेश दिया। साथ ही बताया गया कि संघ की शाखाओं में स्वयंसेवक का शारीरिक और मानसिक विकास होता है व व्यक्ति अनुशासित हो जाता है।

महानगर संघचालक अशोक ने कहा कि हम सभी को संकल्प लेकर अखंड भारत के निर्माण में अपनी सहभागीता सुनिश्चित करनी है। उन्होंने कहा कि 1925 में संघ की स्थापना के समय डॉ हेडगेवार ने विश्व गुरु भारत का जो सपना देखा था, वह आज पूर्ण होता दिखाई दे रहा है।

(Udaipur Kiran) / MOHAN TYAGI

Most Popular

To Top