Uttar Pradesh

फूलपुर उपचुनाव में सपा से मुजतबा सिद्दीकी होंगे उम्मीदवार

मुजतबा सिद्दीकी

-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में निराशा व्याप्त

प्रयागराज, 09 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । फूलपुर उपचुनाव में समाजवादी पार्टी से मुजतबा सिद्दीकी उम्मीदवार होंगे। पार्टी के पोर्टल पर आई खबर मिलते ही सपा नेताओं, कार्यकर्ताओं ने ख़ुशी जाहिर करते हुए बधाई दी तथा पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताया है। इस घोषणा से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में निराशा व्याप्त हो गई।

सपा के मीडिया प्रभारी दान बहादुर ने बताया कि सपा से घोषित प्रत्याशी मुजतबा सिद्दीकी तीन बार विधायक रह चुके हैं। वर्ष 2022 के चुनाव में फूलपुर से सपा से उम्मीदवार भी थे। 2022 के चुनाव में कुल 100865 मत पाकर भाजपा प्रत्याशी प्रवीण पटेल से मात्र 2765 मतों से पराजित हुए थे। प्रवीण पटेल के सांसद चुने जाने के बाद खाली हुई सीट से उप चुनाव में सपा ने मुजतबा सिद्दीकी को पुनः प्रत्याशी बनाया है।

मुजतबा सिद्दीकी मूलतः फूलपुर के वीरकाजी गांव के रहने वाले हैं। इनका आवास शहर के रोशनबाग खुल्दाबाद में भी है।. वर्ष 2002 में बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर सोराव से विधानसभा का चुनाव जीते और लगातार 2012 तक वहां से विधायक रहे। 2012 में प्रतापपुर से लड़े और हार गए। 2017 में फिर बसपा के टिकट पर प्रतापपुर से विधायक बने और 2020 में बसपा छोड़कर सपा में शामिल हो गए। 2022 के चुनाव में सपा ने फूलपुर से उतारा था लेकिन भाजपा के प्रत्याशी से पराजित हुए। सपा ने पुनः उपचुनाव में उम्मीदवार बनाया है। सपा से प्रत्याशी बनाये जाने पर सपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बधाई दी है।

-सपा प्रत्याशियों के नामों का ऐलान होते ही कांग्रेस तिलमिलाई

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की 10 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर 6 सीटों पर सपा प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया है। कहा जा रहा है कि सपा के इस फैसले से कांग्रेस तिलमिला गई है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक अखिलेश यादव ने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान करने से पहले उनसे बातचीत नहीं की। कांग्रेस सपा के साथ मिलकर उपचुनाव लड़ना चाहती थी।

कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक अखिलेश यादव ने करहल, कटेहरी, मिल्कीपुर, सीसामऊ, फूलपुर और मझवां सीट पर प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया है। वहीं उपचुनाव में कांग्रेस की मांग 5 सीटों पर लड़ने की थी, लेकिन अब अखिलेश यादव ने 6 सीटों पर सपा प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर कांग्रेस के अरमानों पर पानी फेर दिया है। कांग्रेस की तरफ से अभी तक कोई टिप्पणी नहीं की गई है, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं में घोर निराशा व्याप्त है।

(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र

Most Popular

To Top