Chhattisgarh

दशहरा पर्व में जलेगा 40 फीट का रावण

सोरिद वार्ड में तैयार हो रहा रावण का पुतला।

धमतरी, 8 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । विजयादशमी की तैयारी शुरू हो गई है। रावण का पुतला जलाने और रामलीला नाटक करने का निर्णय लेकर पुतला बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। इस कड़ी में धमतरी शहर में तैयारी जोरों पर है। यहां इस साल 40 फीट का रावण बनाया जा रहा है। पुतला दहन के बाद आकर्षक आतिशबाजी होगी।

अंचल में 11 अक्टूबर को दशहरा का पर्व हर्षाेल्लास से मनाया जाएगा, इसके लिए नगर निगम धमतरी तैयारी में जुट गया है। नगर निगम के उपायुक्त पीसी सार्वा ने बताया कि इस साल शहर के रामलीला मैदान पर दशहरा का पर्व मनाया जाएगा, इसके लिए 40 फीट ऊंचाई के रावण का पुतला बनाया जा रहा है। पुतला के सिर चारामा में बन रहा है और धड़ के नीचे का पूरा हिस्सा शहर के सोरिद वार्ड में बनना शुरू हो चुका है, क्योंकि दशहरा पर्व आने में अब ज्यादा दिन समय नहीं बचा है। पुतला मोटा व ऊंचाई वाला बनाया जा रहा है। इस साल रावण का पुतला अन्य सालों की तुलना में पांच फीट अधिक ऊंचाई का रहेगा। अन्य सालों में 35 फीट ऊंचाई के रावण का पुतला बनाया जा रहा था। दशहरा पर्व को लेकर नगर निगम के कर्मचारियों को अलग-अलग जवाबदारी दी गई है।

रावण के पुतला दहन के लिए इस बार ग्राम अछोटा के रामलीला नाटक की जगह कुकरेल के रामलीला मंडली प्रस्तुति देंगे। निगम उपायुक्त पीसी सार्वा ने बताया कि इस बार रावण के पुतले का आकार मोटा और तगड़ा रहेगा। पेट में चकरी फटाखा लगाया जाएगा। दशहरा पर्व के दिन रामलीला के बाद आकर्षक आतिशबाजी भी होगी। आकर्षक आतिशबाजी में बिन बादल बरसात, नवरंग चक्कर, आसमानी गोला, 120 शाट, 60 शाट, गोल्डन सेहरा, झाडू झरना, कैलाश मंडल, नूरानी सेहरा, चंदन हार आदि शामिल है।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Most Popular

To Top