Chhattisgarh

जिले की हजारों महिलाओं को महतारी वंदन योजना की राशि मिलना बंद

जिला महिला एवं बाल विकास विभाग धमतरी ।

धमतरी, 4 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद चुनावी घाेषणा के अनुसार जिले की दो लाख 36719 महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत हर माह एक-एक हजार रुपये मिलना शुरू हुआ। जैसे-जैसे माह निकलता गया, तो लाभार्थियों की संख्या कम होने लगी। कई महिलाओं के खाता में राशि जमा होना बंद हो गया है। इन महिलाओं की संख्या जिले में करीब पांच हजार पहुंच चुकी है। एक अक्टूबर को कई महिलाओं की खाते में राशि जमा नहीं होने महिलाओं में आक्रोश है। वहीं जिला महिला एवं बाल विकास विभाग को भी महिलाओं को योजनाओं के लाभ से वंचित करने का स्पष्ट कारण मालूम नहीं है।

महतारी वंदन योजना के तहत एक अक्टूबर को प्रदेश समेत जिले के अधिकांश महिलाओं की खातों में एक-एक हजार रुपये जमा हुई है। मोबाइल चलाने वाली महिलाओं की मोबाइल पर एसएमएस आया। खाता में रुपये जमा होने से महिलाओं की चेहरे खिल गई, लेकिन जिले में करीब पांच हजार ऐसी भी महिलाएंं है, जिनके बैंक खाता में राशि ही जमा नहीं हुई है, इससे इन महिलाओं में आक्रोश है। महिला एवं बाल विकास विभाग से मिली जानकारी के अनुसार इस योजना के तहत जिले में कुल दो लाख 36 हजार 719 महिलाओं ने आवेदन जमा किया था, जिसमें से 563 महिलाएं अपात्र हो गए थे। जबकि सत्यापन में दो लाख 35507 महिलाएं पात्र पाई गईं। योजना शुरू होने के बाद इन महिलाओं को राशि मिलना शुरू हुआ, लेकिन कुछ माह बाद जिले के करीब पांच हजार 4707 महिलाओं को राशि मिलना बंद हो गया, इससे महिलाओं में आक्रोश है। समय-समय पर महिलाएं महतारी वंदन योजना के तहत राशि नहीं मिलने की शिकायत लेकर कलेक्ट्रेट तक पहुंची, लेकिन अब तक राशि खातों में जमा नहीं हो रही है। पूर्व में महिला कंचन ढीमर, समारिन पटेल, सातोबाई साहू और कला पटेल ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत खाते में राशि नहीं आ रही है। इसकी लिखित शिकायत जनदर्शन कलेक्ट्रेट में कर चुके हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी भी इसका स्पष्ट कारण नहीं बता पा रही है। जबकि महिलाएं रोजी-मजदूरी कर जीवनयापन करती है।एक मार्च 2024 में प्रथम किश्त के रूप में दो लाख 35071 महिलाओं के खाते में शासन ने 21 करोड़ 86 लाख 83200 रुपये की राशि जमा की। अप्रैल 2024 में दो लाख 35106 महिलाओं की खाते में 21 करोड़ 86 लाख 79400 रुपये, मई माह में दो लाख 34 हजार 828 महिलाओं के खाते में 21 करोड़ 82 लाख 93 हजार 750 रुपये जारी किया गया।

इसी तरह जून माह की पहली तारीख को जिले की दो लाख 34 हजार 427 महिलाओं के खाते में 21 करोड़ 78 लाख 7250 रुपये तथा जुलाई की पहली तारीख को दो लाख 30800 महिलाओं के खाते में 21 करोड़ 43 लाख 93400 रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से महिलाओं की खाते में ट्रांसफर हुई है। इस तरह धीरे-धीरे हजारों महिलाओं के नाम योजना से काटकर राशि जमा नहीं की जा रही है। अप्रैल में 401, माई माह में 679, जून माह में 1080 और जुलाई माह में भी महिलाओं को महतारी वंदन योजना की राशि प्राप्त नहीं हुई है। इस तरह अब तक करीब पांच हजार महिलाओं की खाते में अब महतारी वंदन योजना की राशि जमा नहीं हो रही है। योजना से वंचित महिलाएं लगातार सरकारी दफ्तरों और बैंकों का चक्कर लगा रही है। इस संबंध में जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी धमतरी जगरानी एक्का ने कहा कि जिले की हजारों महिलाओं को महतारी वंदन योजना की राशि पहले मिल रही थी, लेकिन अब नहीं मिलने के संबंध में विस्तृत जानकारी ली जाएगी।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Most Popular

To Top