Madhya Pradesh

भारतीय ज्ञान पर गर्व करने की परम्परा करनी होगी विकसितः उच्च शिक्षा मंत्री परमार

हमीदिया प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में भारतीय ज्ञान परम्परा : विविध संदर्भ विषयक संभागीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए मंत्री परमार

– भारतीय पुरातन ज्ञान को दस्तावेजीकरण के साथ, नूतन संदर्भ में शिक्षा में समाहित करने की आवश्यकता : परमार

भोपाल, 30 सितंबर (Udaipur Kiran) । उच्च शिक्षा मंत्री इन्दर सिंह परमार ने कहा कि भारत का ज्ञान विश्व मंच पर सबसे पुरातन और सर्वश्रेष्ठ है। यह ज्ञान परम्परा भारतीय समाज में सर्वत्र विद्यमान है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के परिप्रेक्ष्य में क्रियान्वयन, शिक्षा में भारतीय ज्ञान परम्परा के समावेश के बिना अपूर्ण रहेगा। भारत के पुरातन ज्ञान को नूतन संदर्भ में शिक्षा में समाहित करने की आवश्यकता है। इसके लिए हमें अपने ज्ञान एवं इतिहास पर गर्व करने की परम्परा विकसित करनी होगी।

उच्च शिक्षा मंत्री परमार सोमवार को भोपाल स्थित प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय हमीदिया महाविद्यालय के सभागार में भारतीय ज्ञान परम्परा : विविध संदर्भ विषय पर आयोजित एक दिवसीय संभागीय कार्यशाला के शुभारंभ अवसर पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कार्यशाला में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के परिप्रेक्ष्य में भारतीय ज्ञान परम्परा समावेशी शिक्षा के आलोक पर अपने विचार व्यक्त किए।

मंत्री परमार ने कहा कि भारत की शिक्षा व्यवस्था, समाज आधारित शिक्षा व्यवस्था थी। शिक्षा और स्वास्थ्य, समाज के विषय हुआ करते थे। अंग्रेजों ने भारत के मानस को परिवर्तित करने के लिए भारतीय शिक्षा पद्धति को योजनाबद्ध तरीके से नष्ट किया। उन्होंने कहा कि भारत सर्वसंपन्न, सर्वज्ञानी और समृद्ध देश रहा है, इसलिए ऐतिहासिक कालखंडों में अंग्रेजों समेत सभी विदेशी आक्रांता भारत को लूटने आए थे। अंग्रेजों के आंकड़ों के अनुसार भारत 90 प्रतिशत साक्षरता वाला देश था, यहां सात लाख से ज्यादा समाज द्वारा संचालित गुरुकुल थे। अंग्रेजों ने भारत की संस्कृति और शिक्षा को मिटाने का कुत्सित प्रयास किया, किंतु राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के लागू होने से शिक्षा में भारतीय दर्शन और चिंतन पुनः जीवंत हो रहा है।

उन्होंने कहा कि किसी भी देश के विकास में मातृभाषा की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 ने अपनी मातृभाषा के माध्यम से, देश के विकास का मार्ग प्रशस्त किया है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 ने भारत को स्वत्व के भाव के साथ विश्वमंच पर पुनः सिरमौर बनने के लिए प्रेरक अवसर दिया है। उन्हाेंने कहा कि कृतज्ञता, भारत की संस्कृति, सभ्यता एवं विरासत है। भारत ज्ञान के क्षेत्र में विश्वमंच पर सर्वश्रेष्ठ था, इसलिए विश्वगुरु की संज्ञा से सुशोभित था। अपने देश के ज्ञान एवं परम्पराओं को वैज्ञानिक दृष्टिकोण के आधार पर, युगानुकुल परिप्रेक्ष्य में पुनः शोध एवं अनुसंधान के साथ दस्तावेजीकरण करने की आवश्यकता है। इसके लिए हमें अपने ज्ञान, इतिहास और उपलब्धियों पर गर्व का भाव जागृत करना होगा। अपने सर्वश्रेष्ठ ज्ञान के आधार पर ही भारत पुनः विश्वगुरु बनेगा।

उच्च शिक्षा मंत्री ने भारतीय पुरातन ज्ञान के संदर्भ में संरक्षण भाव से प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, बोधायन प्रमेय, अगस्त संहिता, कणाद ऋषि की परिकल्पना आदि के उदाहरण प्रस्तुत किए। परमार ने कहा कि भारत के इतिहास और पुरुषार्थ को पुनः भारतीय दृष्टि से, भारतीय परिप्रेक्ष्य में सही तथ्यों के साथ जनमानस के समक्ष लाने की आवश्यकता है। इसके लिए भारतीय ज्ञान का, पाठ्यक्रमों में समावेश करना होगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का मूल ध्येय श्रेष्ठ नागरिक निर्माण करना है। इसकी पूर्ति के लिए शिक्षा के मंदिरों में पुनः संस्कार देने की पद्धति विकसित करने की आवश्यकता है, इससे बच्चों में बेटियों एवं महिलाओं के प्रति सम्मान एवं श्रद्धा का भाव जागृत होगा।

कार्यशाला के शुभारंभ अवसर पर बीज वक्ता के रूप में मप्र निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के अध्यक्ष डॉ. भरत शरण सिंह, हिन्दी ग्रंथ अकादमी के संचालक अशोक कड़ेल, विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी उच्च शिक्षा डॉ. धीरेंद्र शुक्ल एवं क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा (भोपाल-नर्मदापुरम संभाग) डॉ. मथुरा प्रसाद सहित अध्ययन मंडल के सदस्यगण, विविध विषय विशेषज्ञ, विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं प्राध्यापकगण उपस्थित थे। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. पुष्पलता चौकसे ने आभार व्यक्त किया।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top