CRIME

राजसमंद में दो लड़कों की पिटाई के बाद तनाव, आरोपितों के मकान पर बुलडोजर की तैयारी

राजसमंद

उदयपुर/राजसमंद, 27 सितंबर (Udaipur Kiran) । राजसमंद के राजनगर इलाके में गुरुवार रात एक मोहल्ले के चार युवकों ने दो लड़कों की पिटाई कर दी। इसके बाद माहौल गरमा गया। दोनों लड़कों को हल्की चोटें आई थी। इस घटना से नाराज स्थानीय लोग रात में सड़कों पर उतर आए और वाहनों में तोड़-फोड़ कर दी। इसके बाद राजनगर थाना समेत पांच थानों की पुलिस ने माहौल शांत कराया। शुक्रवार सुबह भी कई संगठनों के लोग सड़क पर उतर आए और सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया।

राजसमंद एसपी मनीष त्रिपाठी के अनुसार गुरुवार रात राजनगर के यादव मोहल्ला निवासी राहुल पुत्र नंद किशोर और कृष्णा पुत्र विक्रम घर से कुछ दूर मामा-भाणेज रोड पर चबूतरे पर बैठे थे। वे इंस्टाग्राम पर भजन सुन रहे थे। इस दौरान नजदीकी मोहल्ले से चार लड़के लाठी-डंडे लेकर आए और दोनों से मारपीट की। दरअसल, कुछ दिन पहले एक आयोजन के दौरान आरोपित युवकों में से एक ने राहुल पर थूक दिया था। इसके बाद हंगामा हो गया था। राहुल की ओर से थाने में शिकायत की गई थी। उस मामले में पुलिस ने शांतिभंग में कुछ आरोपितों को पकड़कर छोड़ दिया था। इसके बाद से आरोपित पक्ष ने रंजिश पाल ली थी।

उस घटना को लेकर पीड़ित पक्ष के लोग भी आक्रोशित थे। गुरुवार रात राहुल समेत दो लड़कों की पिटाई से मामला बढ़ गया। दोनों लड़कों को आरके हॉस्पिटल ले जाया गया। उन्हें हल्की चोट थी। रात को लोग सड़कों पर उतर आए और ठोकार इलाके में कुछ वाहनों के शीशे फोड़ दिए। लोगों ने नारेबाजी की।

घटनास्थल से 400 मीटर की दूरी पर स्थित राजनगर थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को तितर-बितर किया। माहौल को देखते हुए 5 थानों राजनगर, कांकरोली, केलवा, नाथद्वारा, कुंवारिया से पुलिस बल तैनात किया गया। रात भर पुलिस ने राजनगर के बाजारों में गश्त की। देर रात डीएसपी विवेक सिंह ने विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों को आश्वासन दिया कि आरोपित चारों लड़कों को पकड़ लिया जाएगा।

इस घटना के बाद शुक्रवार सुबह 7 बजे से ही कुछ संगठनों से जुड़े लोग राजनगर थाने के बाहर जुट गए और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए नारेबाजी की। सुबह 9 बजे से लोगों ने थाने के बाहर सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ करना शुरू कर दिया। घटना के विरोध में शुक्रवार सुबह 11 बजे तक लोगों ने आंशिक रूप से दुकानें बंद रखीं। दोपहर 12 बजे बाद दुकानें खुलने लगीं।

एसपी मनीष त्रिपाठी ने कार्रवाई के लिए 3 दिन का समय मांगा। उन्होंने कहा कि सभी चारों आरोपितों को पुलिस गिरफ्तार करेगी। उन्होंने अपील की कि सोशल मीडिया पर अफवाह न फैलाएं। जो ऐसा करेगा उसके खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। अभी चार आरोपित नामजद हैं। इनकी संख्या बढ़ भी सकती है। पीड़ितों का मेडिकल होने के बाद अन्य आपराधिक धाराएं भी जोड़ी जाएंगी।

उल्लेखनीय है कि पीड़ित युवक राहुल मूर्ति बनाने का काम करता है। इसके अलावा वह मैकेनिक का काम भी करता है। राहुल के माता-पिता नहीं हैं। वह अपनी ताई के साथ रहता है। ताऊ का भी निधन हो चुका है। जबकि, कृष्णा अपने पिता के साथ मजदूरी पर जाता है।

इधर, घटना के बाद शुक्रवार को नगर पालिका आयुक्त बृजेश राय की ओर से आरोपित दो सगे भाइयों के मकान पर नोटिस चिपकाया गया है। इसमें लिखा है आपके जर्जर मकान को हटाने के संबंध में नोटिस जारी किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार सिलावटवाड़ी के मैन रोड पर स्थित यह मकान जर्जर है। यह कभी भी गिर सकता है। इससे जनहानि की आशंका है। इसलिए नोटिस मिलने के बाद 3 दिन में मकान ध्वस्त कर पालना रिपोर्ट पेश करें। ऐसा नहीं किया गया तो नगर पालिका अधिनियम 2009 की धारा 243 (1,2,3) के तहत कार्रवाई की जाएगी।

—————

(Udaipur Kiran) / सुनीता

Most Popular

To Top