Uttar Pradesh

नगर निगम के बढ़े हुए गृह कर से जनता परेशान, आप ने आंदोलन का किया एलान

नगर निगम के बढ़े हुए गृह कर से जनता परेशान, आप ने आंदोलन का किया एलान

कानपुर, 19 सितम्बर (Udaipur Kiran) । कानपुर नगर निगम पर मनमाने व गलत तरीके से गृह कर भेजने का आरोप लगा है। लोगों का कहना है कि सालाना गृह कर जमा किया जा रहा है और अबकी बार पिछले दो वर्षों से बढ़े हुए गृह कर को जोड़कर बिल भेजा जा रहा है। इसका विरोध पार्षद चाहे वह सत्ता पक्ष के हों या विपक्ष के सभी कर रहे हैं। इसी कड़ी में अब आम आदमी पार्टी (आप) इसको राजनीतिक मुद्दा बनाने में जुट गई और गुरुवार को मंडलायुक्त आवास में ज्ञापन देकर जिलाध्यक्ष अनुज शुक्ला ने आंदोलन का एलान कर दिया।

आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष अनुज शुक्ला की अगुवाई में गुरुवार को सैकड़ों आप कार्यकर्ता मंडलायुक्त अमित गुप्ता के आवास पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने नगर निगम द्वारा जारी किये गये मनमानी तरीके से गृह कर को लेकर नाराजगी जताई। परिसर में हो रही नारेबाजी को देखते हुए अपर आयुक्त प्रशासन ब्रजकिशोर बाहर आए और उनकी मांगों को सुना। आप जिलाध्यक्ष ने उनको मांग पत्र सौंपते हुए कहा कि नगर निगम मनमानी तरीके से आम जनता को गृह कर का बिल भेज रहा है। कानपुर नगर निगम 2021 में जीआईएस सर्वे कराकर गृहकर में बढ़ोत्तरी की जो किसी भी नगर निगम द्वारा नहीं की गई। इस पर ​विरोध के बावजूद लोग विवश होकर गृह कर जमा करने लगे। अबकी बार जो बिल भेजे जा रहे हैं उसमें और बढ़ोत्तरी कर दी गई। इस बढ़ोत्तरी में यह दिखाया गया कि जो गृह कर पिछले दो वर्ष से जमा किया जा रहा है वह जीआईएस सर्वे से कम है। इस प्रकार पिछले दो वर्ष का बढ़ा हुआ गृह कर और उसमें ब्याज जोड़कर भेजा जा रहा है।

जिलाध्यक्ष का कहना है कि जब 2021 में जीआईएस सर्वे कराकर लोगों को बढ़ा हुआ कर भेजा गया और लोग जमा भी कर रहे हैं तो अब पिछले दो वर्ष के बढ़े हुए कर को जोड़कर क्यों भेजा जा रहा है। नगर निगम की यह मनमानी नहीं चलने पाएगी और इसको लेकर सड़क पर भी आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह का नियम न नगर निगम के सदन में पास हुआ न ही कार्यकारिणी में। जनता पार्षदों के पास पहुंचती है और पार्षद भी इस तरह बढ़े हुए कर को लेकर नाराजगी जता रहे हैं। अपर नायुक्त प्रशासन ब्रजकिशोर ने बताया कि नगर निगम के अधिकारियों को पत्राचार कर जवाब मांगा जाएगा।

(Udaipur Kiran) / अजय सिंह

Most Popular

To Top