Haryana

हरियाणा में अरविंद केजरीवाल शुक्रवार से करेंगे चुनाव प्रचार का आगाज 

आप नेता एवं राज्य सभा सांसद संदीप पाठक पत्रकाराें से बातचीत करते हुए

प्रदेश के 11 जिलों में होंगे केजरीवाल के 13 कार्यक्रम

शुक्रवार को केजरीवाल जगाधरी में करेंगे रोड शो

चंडीगढ़, 19 सितंबर (Udaipur Kiran) । दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने वाले आम आदमी पार्टी (आआपा) के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल अब जेल से बाहर आने के बाद हरियाणा विधानसभा के चुनाव अपनी पार्टी के लिए प्रचार करेंगे। अरविंद केजरीवाल शुक्रवार का हरियाणा में अपने चुनाव प्रचार का आगाज करेंगे।

केजरीवाल यमुनानगर जिले के जगाधरी विधानसभा हलके से रोड शो की शुरुआत के साथ हरियाणा में दाखिल होंगे।

आआपा के राज्यसभा सदस्य और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री डॉ संदीप पाठक ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय पर पत्रकारों से बातचीत में बताया कि अब अरविंद केजरीवाल हरियाणा में चुनाव प्रचार के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। अरविंद केजरीवाल 20 सितंबर से हरियाणा में चुनाव प्रचार की शुरुआत करेंगे। अरविंद केजरीवाल यमुनानगर के जगाधरी विधानसभा में अपना पहला रोड शो करेंगे। जगाधरी के बाद अरविंद केजरीवाल डबवाली, रानिया, भिवानी, महम, पूंडरी, कलायत, रेवाड़ी, दादरी, असंध, बल्लभगढ़ और बाढरा में भी चुनाव प्रचार करेंगे। फिलहाल अरविंद केजरीवाल 11 जिलों में चुनाव प्रचार करेंगे, जहां पर उनके 13 कार्यक्रम होंगे। इसके बाद का उनका शेड्यूल आने वाले कुछ दिनों में मीडिया के साथ शेयर कर दिया जाएगा।

आआपा नेता संदीप पाठक ने कहा कि अगर आप हरियाणा की राजनीति को देखेंगे तो यह बड़ा स्पष्ट है कि भाजपा इस बार पूर्ण रूप से हरियाणा से साफ होने वाली है। पिछले 10 सालों से भाजपा की सरकार हरियाणा में चल रही है। भाजपा को खुद ही अपने मुख्यमंत्री पर भरोसा नहीं था इसलिए उन्होंने मनोहर लाल खट्टर जी को मुख्यमंत्री पद से हटाकर नायब सिंह सैनी को नया मुख्यमंत्री बनाया। यह सवाल तो बनता है कि भाजपा को आखरी साल में नया मुख्यमंत्री लाने की क्या जरूरत पड़ गई? इन्होंने किसानों के साथ अन्याय किया, उनका अपमान किया। जवानों का अपमान और उनके साथ अन्याय किया, हमारी माताओं और बहनों के मान-सम्मान के साथ खिलवाड़ किया। उन्हाेंने कहा कि हरियाणा में बेरोजगारी अपनी चरम सीमा पर है, महंगाई रिकॉर्ड तोड़ है। चारों तरफ कुशासन और अव्यवस्था फैली हुई है। भाजपा को मालूम है कि वह इस बार हरियाणा से उनका सफाया होने वाला है। हरियाणा में कोई भी ऐसी पार्टी नहीं है जो यह कह सके कि हमें यहां की जनता ने मौका नहीं दिया। अब सवाल यह उठता है कि क्या इन सभी पार्टियों ने अपनी जिम्मेदारियों का सही तरह से निर्वहन किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता सभी पार्टियों से त्रस्त हो चुकी है, अब वह बदलाव चाहती है। इस बार हरियाणा की जनता के सामने पहली बार अरविंद केजरीवाल चुनाव मैदान में उतरे हैं। अब हरियाणा की जनता के सामने बदलाव के लिए आम आदमी पार्टी एक बेहतर विकल्प है।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Most Popular

To Top