Uttar Pradesh

जुर्म की राजधानी बन चुका है उत्तर प्रदेश: प्रमोद तिवारी

प्रमाेद तिवारी

मेरठ, 17 सितम्बर (Udaipur Kiran) । कांग्रेस के सांसद प्रमोद तिवारी ने मंगलवार को भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछले सात साल से उत्तर प्रदेश की सत्ता में काबिज योगी आदित्यनाथ हमेशा जीरो टॉलरेंस की बात करते हैं। आत्ममुग्ध होकर खुद ही हर मंच से कानून व्यवस्था पर अपनी तारीफ करते रहते हैं, मगर सच्चाई इसके विपरीत है। उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद पूरे देश में जुर्म की राजधानी बन चुका है।

बाउंड्री रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में मंगलवार को पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। हत्या, महिलाओं का अपहरण, गैंगरेप, दहेज, हत्या के मामलों में उत्तर प्रदेश पूरे भारत में नंबर एक पायदान पर है। पूरे भारत में महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों में 25 प्रतिशत अपराध अकेले उत्तर प्रदेश में होते हैं। प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वसत हो चुका है। उत्तर प्रदेश जंगलराज में बदल गया है। कोई भी सुरक्षित नहीं है। प्रदेश सरकार में राजनैतिक इच्छाशक्ति नहीं होने के कारण प्रदेश में निरंकुश वातावरण बन गया है। योगी सरकार में सबसे ज्यादा असुरक्षित महिलाएं हैं।

प्रमोद तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी सदन में ठोक डालो, मिट्टी में मिला देंगे जैसी भाषा का प्रयोग कर प्रदेश के एक समुदाय में डर पैदा करते हैं और अपनी पुलिस को एकतरफा कार्रवाई की छूट देते हैं। हमें कानून का राज स्थापित करना है ना कि पुलिस का। इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अवनीश काजला, हरिकिशन अंबेडकर, अभिमन्यु त्यागी आदि उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) / डॉ.कुलदीप त्यागी

Most Popular

To Top