Uttrakhand

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष हरबंस कपूर की स्मृति में स्मृति द्वार का लोकार्पण

स्मृति द्वार

देहरादून, 15 सितंबर (Udaipur Kiran) । उत्तराखंड के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष, पूर्व मंत्री और आठ बार के विधायक हरबंस कपूर की स्मृति में राजधानी देहरादून में बिंदाल पुल के पास स्मृति द्वार बनाया गया है। शहरी विकास मंत्री ने रविवार को लोकार्पण किया। उन्होंने स्व. हरबंस कपूर को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और कहा कि उनकी याद को जीवंत रखने के लिए स्मृति द्वार बनाया गया है।

शहरी विकास मंत्री ने कहा कि केवल दून ही नहीं उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में लोग उन्हें उनकी सादगी व व्यवहार कुशलता और सुउपलब्धता के लिए याद करते हैं। भाजपा को मजबूत करने और दून के विकास में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि हरबंस कपूर उत्तराखंड के एकमात्र ऐसे विधायक रहे हैं जिन्होंने उत्तर प्रदेश विधानसभा और उत्तराखंड विधानसभा दोनों विधानसभाओं में प्रतिनिधित्व किया है और कभी भी किसी भी चुनाव में वह पराजित नहीं हुए। हरबंस कपूर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रहे हैं। उत्तराखंड में विधानसभा अध्यक्ष रहे हैं और लगातार आठ बार विधानसभा में बिना पराजित हुए पहुंचने वाले मृदुभाषी नेता के तौर पर जाने जाते हैं। राजधानी देहरादून में उनकी स्मृति में मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण की ओर से स्मृति द्वार बनाया गया है। टपकेश्वर महादेव मंदिर के महंत श्रीकृष्ण गिरि महाराज ने लोकार्पण समारोह की अध्यक्षता की।

(Udaipur Kiran) / कमलेश्वर शरण

Most Popular

To Top