Madhya Pradesh

विधायक रामेश्वर शर्मा ने खेत की मेढ़ पर बैठकर किसानों को भाजपा की सदस्यता दिलाई

MLA Rameshwar Sharma

भाेपाल, 15 सितंबर (Udaipur Kiran) । भाजपा का देशव्यापी सदस्यता अभियान निरंतर जारी है। मध्य प्रदेश में भी भाजपा नये सदस्यों को जोड़ने के लिए अलग-अलग अभियान चला रही है। रविवार को मध्यप्रदेश भाजपा द्वारा किसान सदस्यता अभियान चलाया गया। जिसमें सभी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने अपने अपने क्षेत्र में किसानों को भाजपा की सदस्यता दिलाई। इसी तारतम्य में हुजूर विधानसभा के विधायक रामेश्वर शर्मा ने टीलाखेड़ी में किसान बंधुओं के बीच सदस्यता अभियान चलाया। विधायक ने किसानों के बीच पहुँचकर उनके खेत की मेढ़ पर बैठकर किसानों को सदस्यता दिलाई। साथ ही टीलाखेड़ी में आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित होकर किसानों को संबोधित भी किया।

किसानों को संबोधित करते हुए विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि देश के अन्नदाता ही देश के असली कर्ताधर्ता हैं। बिना अन्न के कोई काम नहीं हो सकता, जीवन भी संभव नहीं है। इसलिए आप किसान ही देश की असली आधारशिला हैं। हमारे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लालकिले की प्राचीर से किसानों की तरक्की का रोडमैप बताया था। उन्होंने किसानों की खुशहाली के लिए किसान सम्मान निधि के साथ ही कई अन्य लाभकारी योजनाएं भी चलाईं। जिसके परिणामस्वरूप आज कृषि लाभ का धंधा बन रही है। मध्य प्रदेश की सरकार भी माननीय मोहन यादव के नेतृत्व में किसानों के कल्याण के लिए अनेकों कार्य कर रही है। प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा 0% ब्याज पर किसानों को ऋण उपलब्ध कराया जाता है। यह सब प्रयास दिखाते हैं कि भाजपा मनसा-वाचा-कर्मणा किसानों के हित के लिए संकल्पित हैं। हम केवल कहते नहीं है, कर के भी दिखाते हैं। और इसी के फलस्वरूप हमें अपने अन्नदाताओं का भरपूर आशीर्वाद मिलता है। हुजूर के किसानों ने मुझे सदैव बेटे जैसा स्नेह दिया है, इसलिए इनकी सुविधा और सेवा के लिए समर्पित रहना मेरी प्राथमिकता है। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा किसानों की पार्टी है इसलिए किसान आगे आकर भाजपा के सदस्य बन रहे हैं। और हम गौरवान्वित हैं कि अन्नदाताओं का आशीर्वाद हमें मिल रहा है।

—————

(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे

Most Popular

To Top